Oxygen Supply Agra: ऑक्सीजन लेने आगरा एयरबेस से दो विमान रांची रवाना, आएंगे दो टैंकर
आगरा एयरफोर्स स्टेशन से सुबह मालवाहक विमान में भेजे गए हैं टैंकर एक से दो दिन में लिक्विड आक्सीजन पहुंचेगी आगरा। कई अस्पतालों ने आक्सीजन की कमी बताकर मरीजों को किया बाहर। बुधवार को भी बरकरार है शहर में ऑक्सीजन का संकट। प्लांटों पर लगी है जरूरतमंदों की कतार।
आगरा, जागरण संवाददाता। जिले के निजी अस्पतालों में आक्सीजन का संकट बुधवार सुबह भी रहा। बाग फरजाना, ट्रांस यमुना, कमला नगर सहित शहर के कई क्षेत्रों में अस्पताल प्रशासन ने आक्सीजन की कमी बताकर मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया। यहां तक मरीजों को आक्सीजन की खुद व्यवस्था करने के लिए कहा गया। उधर, लिक्विड आक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए एयरफोर्स स्टेशन से मालवाहक विमान से दो टैंकर रांची भेजे गए हैं। यह टैंकर एक से दो दिन के भीतर आगरा पहुंचेंगे।
शहर के निजी अस्पतालों को हर दिन साढ़े 37 टन आक्सीजन की जरूरत है। इसमें 16 टन लिक्विड आक्सीजन चाहिए। मंगलवार को जिले को पर्याप्त आक्सीजन मिल गई थी। सुबह वाराणसी से दस टन आक्सीजन मिली फिर 16 टन आक्सीजन अलग से मिली। संकट को देखते हुए अधिकांश अस्पतालों ने आक्सीजन का बैकअप सुरक्षित कर लिया। इसी के चलते बुधवार सुबह आक्सीजन की फिर से कमी होने लगी।
पांच सौ लोगों की जुटी भीड़
शास्त्रीपुरम औद्योगिक रोड स्थित सेक्टर सी में एडवांस आक्सीजन प्लांट है। यह जिले का पहला आक्सीजन प्लांट है जहां एयर से आक्सीजन बनती है। इसकी क्षमता 1400 सिलिंडर प्रतिदिन की है। बुधवार सुबह से ही प्लांट के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। सुबह दस बजे तक पांच सौ लोग पहुंच चुके थे। आधा किमी से अधिक लाइन लगी हुई थी। कई लोग ऐसे थे जो आठ से दस घंटे से लाइन में लगे हुए थे।
जल्द चालू होगा दूसरा प्लांट
टेढ़ी बगिया में एयर से आक्सीजन बनाने का दूसरा प्लांट लगा है। अग्रवाल आक्सीजन प्लांट की क्षमता 1600 सिलिंडर की है। कंप्रेशर में कमी के चलते यह प्लांट फिलहाल बंद है। विशेष विमान से अहमदाबाद से आज रात तक कंप्रेशर आगरा पहुंचने की उम्मीद है।
छह प्लांटों में नहीं है आक्सीजन
खंदौली में आक्सीजन के छह प्लांट हैं। बुधवार सुबह इन प्लांटों में लिक्विड आक्सीजन का स्टाक खत्म होने की कगार पर पहुंच गया। सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने बताया कि लिक्विड आक्सीजन की मांग की गई है। रांची से लिक्विड आक्सीजन लाने के लिए एयरफोर्स के मालवाहक विमान से दो टैंकर भेजे गए हैं। यह टैंकर जल्द आक्सीजन लेकर आगरा आएंगे। आक्सीजन की कमी को दूर करने का हर प्रयास किया जा रहा है।
प्रभु एन सिंह, डीएम