New Toll Rates: एक अप्रैल से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सफर हो जाएगा महंगा, टोल की नई दरें होंगी लागू
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण बोर्ड ने वर्ष 2021- 2022 के लिए नई दरों को मंजूरी दे दी है। पांच से 25 रुपये तक की होगी वृद्धि। आंकड़ों के मुताबिक करीब 11 हजार वाहन आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के आगरा टोल प्लाजा से हर दिन गुजरते हैं।
आगरा, जेएनएन। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सफर और महंगा होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण बोर्ड ने वर्ष 2021- 2022 के लिए नई दरों को मंजूरी दे दी है। नई दरें नए वित्तीय वर्ष की शुरूआत के साथ ही लागू हो जाएंगी। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स की कीमत में इजाफा जरूर किया गया है, लेकिन राहत की बात ये है कि वाहन चालकों की जेब पर भार हल्का ही रखा गया है। न्यूनतम पांच रुपये और और ज्यादा से ज्यादा 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी।
नई कंपनी को दी गई जिम्मेदारी
यूपीड़ा ने टोल टैक्स वसूलने वाली एजेंसी को भी बदल दिया है। अब सहकार ग्लोबल एजेंसी को दो साल के लिए ई टेंडर के जरिए टोल टैक्स वसूलने की जिम्मेदारी दी गई है। यूपीडा के आंकड़ों के मुताबिक करीब 11 हजार वाहन आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के आगरा टोल प्लाजा से हर दिन गुजरते हैं। इसके अलावा इस साल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे चालू हो जाने पर आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर वाहनों का आवागमन और बढ़ जाएगा।
सहकार ग्लोबल लिमिटेड कंपनी के मैनेजर उमेश कुमार यादव ने बताया कि फास्ट टैग लगे वाहनों मेंं भी लगातार बढ़ोत्तरी है। एक्सप्रेस वे पर फास्ट टैग की सुविधा सभी विंडो पर उपलब्ध करा दी गई है। इस समय करीब 75 फीसदी वाहन फास्ट टैग के साथ गुजर रहे हैं।
एकतरफ के सफर पर ये रहेंंगी नई दरेंं
- टू व थ्रीव्हीलर, ट्रैक्टर- 300
- कार व जीप- 600
- लो कॉमर्शियल व्हीकल- 945
- बस व ट्रक- 1895
- हैवी मोटर व्हीकल- 2915
- सात से ज्यादा एक्सल वाले वाहन- 3745