सुबह से शाम हाईवे पर लगता रहा भीषण जाम
आइएसबीटी पर दोपहर में हुए कंटेनर के ब्रेक फेल शाम को डंपर का खत्म हुआ तेल खंदारी से भगवान टाकीज फ्लाइओवर तक पहुंची वाहनों की लाइन पुलिस व्यवस्था हुई फेल
आगरा, जागरण संवाददाता। हाईवे पर आइएसबीटी के सामने मंगलवार को भी जाम के हालात रहे। तीसरे पहर यहां ब्रेक फेल होने पर कंटेनर के दो कारों को टक्कर मार देने के बाद करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। कुछ देर बाद ही निर्माणाधीन फ्लाइओवर के पास डीजल खत्म होने से डंपर खड़ा हो गया। जिसके चलते वाहनों की कतार भगवान टाकीज फ्लाइओवर तक पहुंच गई। इस दौरान पुलिस व्यवस्था ध्वस्त दिखी।
नेशनल हाईवे नंबर 19 पर भगवान टाकीज से सिकंदरा तक का सफर निर्माणाधीन फ्लाइओवर के चलते मुश्किल भरा हो गया है। एक वाहन खराब होते ही जाम में सैकड़ों वाहन फंस जाते हैं। तीसरे पहर तीन बजे भगवान टाकीज की ओर से आ रहे कंटेनर के ब्रेक फेल हो गए। उसने आगे चल रही दो कारों में टक्कर मार दी। एक कार इंजीनियर की और दूसरी वकील की थी। दोनों कारों में सिर्फ चालक थे। कंटेनर को रोक कर काफी देर तक चालकों के बीच विवाद चलता रहा। जिससे ट्रैफिक रुक गया, मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर कंटेनर और कार साइड में कराई। तब तक वाहनों की लाइन खंदारी फ्लाइओवर से भगवान टाकीज फ्लाइओवर तक पहुंच गई। पुलिसकर्मियों की मशक्कत के बावजूद लोग जाम से जूझते रहे। स्थिति सामन्य हो भी नहीं पाई थी कि साढ़े चार बजे फिर आइएसबीटी के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास एक डंपर में डीजल खत्म हो गया। इसके बाद फिर सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। डंपर हटने पर करीब एक घंटे बाद ट्रैफिक गुजरना शुरू हुआ। रात तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी थी।