Top Agra News of the Day 23rd August 2019, बांके बिहारी में जन्मोत्सव, सीएम योगी आएंगे कल, बढ़ा यमुना का जलस्तर, रेड लाइट एरिया में छापा
वृंदावन और नंदगांव में जन्माष्टमी की धूम। सीएम आएंगे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर। मकानों तक पहुंची यमुना। कश्मीरी बाजार से पकड़ींं दो दर्जन सेक्स वर्कर।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में शुक्रवार, 23 अगस्त 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
अजन्मे का जन्म
शुक्रवार को बांकेबिहारी मंदिर, नंदगांव, प्राचीन केशवदेव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। वृंदावन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। हालांकि मंदिर में रात पौने बारह बजे गर्भगृह में ठाकुरजी का अभिषेक होगा। इसके बाद दर्शन शुरू हो जाएंगे। रात एक बजकर 55 मिनट पर मंगला आरती होगी। ये आरती वर्ष में एक ही बार होती है। नंदगांव में नंदभवन भी जन्मोत्सव की खुशी में झूम रहा था। इधर, शुक्रवार सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर गर्भगृह में लाला के दर्शन को भक्तों का तांता लगा रहा। शाम तक श्रद्धालुओं की कतारें बरकरार थीं।
जन्माष्टमी महोत्सव में सीएम
शनिवार को मथुरा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी आ रहे हैं। उनकी खातिर लखनऊ से लेकर स्थानीय प्रशासनिक अफसर यहां डेरा डाले हुए हैं। शनिवार को दोपहर एक बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से पंवन हंस हैलीपेड वृंदावन आएंगे। टूरिस्ट फैसीलिटेशन सेंटर का उद्घाटन, विजय कौशलजी महाराज के अाश्रम परिक्रमा मार्ग वृंदावन के बाद मथुरा पहुंचेंगे। यहां श्रीकृष्ण जन्मस्थान मथुरा पर पूजन के बाद रामलीला मैदन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, संबोधन, विभिन्न योजनाओं का लोकापर्ण/शिलान्यास और दही हांडी लीला कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दीवारों से टकरा रही यमुना
शुक्रवार सुबह जलस्तर 492.7 फीट तक पहुंच गया था, जबकि लो फ्लड लेवल 495 फीट है। घरों और झोपड़ियों से दूर बहने वाली यमुना अब अपने किनारों की ओर तेजी से बढ़ रही है। इस कारण यमुना के घाटों के पास पशु बांधने वालों ने उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। बल्केश्वर स्थित अनुराग नगर की दीवारों तक पानी पहुंचने से घरों में रहने वाले भयभीत होने लगे हैं। मथुरा में भी यमुना 165.46 मीटर का निशान छू चुकी है।
कोठों पर छापा
शुक्रवार शाम करीब चार बजे कोतवाली क्षेत्र के कश्मीरी बाजार में पुलिस ने गुडि़या संस्था की शिकायत पर छापा मारा। यहां चल रहे कोठों पर से दो दर्जन से अधिक सेक्स वर्कर्स को हिरासत में ले लिया गया। थाने पर पहुंचकर सभी सेक्स वर्कर्स ने हंगामा कर दिया। दारोगा सहित कई पुलिसकर्मियों के साथ सेक्स वर्कर्स की हाथापाई तक हो गई। हंगामे से गुस्साई पुलिस ने सेक्स वर्कर्स की पिटाई कर दी।