Top Agra News of the Day 1st August 2019, तत्काल तीन तलाक पर पहला मुकदमा, नगर निगम पर जुर्माना, हादसे में दिव्यांग बच्चे की मौत
मथुरा में पत्नी को तीन बार तलाक कहने पर हुआ मुकदमा दर्ज। कूड़ा निस्तारण में लापरवाही पर नगर निगम पर 1.07 करोड़ का जुर्माना। नौ वर्ष के दिव्यांग को ट्रैक्टर ने कुचला।
आगरा, जेएनएन। ब्रज मंडल में गुरुवार, एक अगस्त 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
तीन तलाक बोलने पर मुकदमा दर्ज
मुस्लिम वीमेन प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स ऑन मैरिज-धारा यू-एस-4 के तहत ब्रज मंडल में पहला मुकदमा गुरुवार को दर्ज हुआ। आपराधिक श्रेणी की इस धारा के तहत तीन साल तक की सजा का प्रावधान है।
मामला मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र का है। यहां दहेज प्रताड़ना के चलते मामला महिला थाने में चल रहा था। थाने में दोनों पक्षों को मंगलवार को समझौता वार्ता के लिए बुलाया गया था। वार्ता के बाद थाने के बाहर पति ने पत्नी को तीन बार तलाक बोला और फरार हो गया। मायका पक्ष ने गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर निगम के खिलाफ कार्रवाई
शहर से निकलने वाले कचरे के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नगर निगम और प्राइवेट कंपनी के खिलाफ कार्रवाई हुई है। उत्तर प्रदेश सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट माॅॅनिटरिंग कमेटी ने गुरुवार को नगर निगम पर 1.07 करोड़ रुपये और बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के दौरान पर्यावरण को क्षति पहुंचाने पर मैसर्स जेआरआर वेस्ट मैनेजमेंट पर 2.59 करोड़ रुपये का जुर्माना किया गया है। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट एनजीटी को भी भेजी है।
हादसे में दिव्यांग बच्चे की मौत
थाना सिकंदरा के अंतर्गत बाईंपुर में गढ़ी बाईपुर में गुरुवार को सड़क पर नौ वर्षीय मनोज पुत्र सुुनील खेल रहा था। खेत से चरी भरकर लौट रहे ट्रैक्टर की चपेट में ये बच्चा आ गया। बुरी तरह कुचल जाने के चलते बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। ग्रामीणों के अनुसार मनोज दिव्यांग (मूक और बधिर) था। हादसे के बाद ग्रामीणों द्वारा हंगामे पर थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंच गया। चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप