Top Agra News of the Day 19th September 2019, दरिंदे बाप को सजा-ए-मौत, जेएफएफ की धूम, सुहानी होने लगीं शाम
दो साल पहले बलात्कार के बाद बेटी की हत्या करने वाले बाप को मौत की सजा। जेएफएफ का आगाज होगा शुक्रवार को। न्यूनतम तापमान में गिरावट से रातें ठंडी।
आगरा, जेएनएन। ताजनगरी में गुरुवार, 19 सितंबर की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
अदालत ने दी दरिंदे बाप को मौत की सजा
आगरा में पाक्सो एक्ट के अंतर्गत गुरुवार को सजा सुनाई गई। पहली बार किसी को मौत की सजा दी गई है। सात साल की अपनी मासूम बेटी को साथ सुलाकर घिनौना कृत्य और बाद में उसकी हत्या करने वाले दरिंदे बाप को सजा-ए-मौत सुनाई गई है। अदालत ने इस घृणित अपराध को विरलतम ( rarest of the rare) माना। आगरा में विशेष न्यायाधीश (पास्को अधिनियम) वीके जायसवाल ने 25 नवंबर 2017 की रात को किए गए अपराध में सजा सुनाई।
जेएफएफ का आगाज शुक्रवार से
दैनिक जागरण के दसवें फिल्म फेस्टिवल का आगाज 20 सितंबर से होने जा रहा है। पहले ही दिन दर्शकों को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने का प्रयास करती फिल्म ‘द ताशकंद फाइल्स’ देखने को मिलेगी। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द ताशकंद फाइल्स’ में दर्शकों को कई सवाल सोचने को मजबूर कर देंगे। इसके अलावा तीन दिन के इस आयोजन में कई बेहतरीन फिल्में दिखाई जाएंगी। रजनीगंधा के सहयोग से संजय प्लेस स्थित कॉसमॉस मॉल में गोल्ड सिनेमा के पर्दे पर सभी फिल्में उतरेंगी।
बादलों ने किया तापमान धड़ाम
गुरुवार सुबह ताजनगरी में बादल छाए रहे, नौ बजे के बाद हल्की धूप निकली लेकिन हवा में ठंडक बरकरार रहने से मौसम सुहाना हो गया है। पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते तापमान में ज्यादा तेजी दर्ज नहीं हो रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 23.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.6 डिग्री रहा। अधिकतम आद्र्रता 90 फीसद दर्ज की गई। रविवार तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भी संभावना है।