Top Agra News of the Day 17th November 2019, फीरोजाबाद में ऑनर किलिंग, भाकियू भानुु ने दी चेतावनी, सुधरी ताजनगरी की आबोहवा
बेटी का गला काटने के बाद खुद दी पुलिस को सूचना। दोषियों पर कार्रवाई कर रहा भाकियू भानु मांग। हवाएं चलने से सुधरी वायु गुणवत्ता।
आगरा, जेएनएन। ब्रज मंडल में रविवार, 17 नवंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
आन के लिए बेटी का कत्ल
झूठी शान की खातिर ग्रामीण ने शनिवार की रात बाद बेटी की निर्मम हत्या कर दी। फीरोजाबाद के गांव सलेमपुर खुटियाना में कमरे में सो रही बेटी को पहले करंट लगाया। इसके बाद गर्दन पर बका से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को घटना की जानकारी दी और घर से निकल गया। हालांकि उसे बाद में पकड़ लिया गया। बेटी के गांव के ही युवक से प्रेम संबंंध थे। मामले में हत्यारोपित के बेटे ने अपने पिता के खिलाफ बहन की हत्या करने का मुकदमा लिखाया है।
लाठीचार्ज पर कार्रवाई की मांग
उन्नाव में किसानों पर लाठीचार्ज पर किसानों में आक्रोश है। कासगंज में भाकियू भानु की बैठक हुई। बैठक में कहा गया कि उन्नाव जिला प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है। दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान सड़कों पर उतरेंगे। जिलाध्यक्ष आशीष पांडेय ने कहा कि उन्नाव प्रकरण असंवेदनशील नौकरशाही का परिणाम है। सरकार को इन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
हवाओं ने सुधारी ताजनगरी की वायु गुणवत्ता
ताजनगरी में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण बढ़ गया था। अधिकांश दिनों में यह खराब स्थिति में ही रहा। शनिवार रात से तेज हवाएं चलने से रविवार को आगरा में वायु गुणवत्ता अच्छी रही। हवा के साथ धूल कण बहकर आगे चले गए। सुबह से धूप निकली और आसमान साफ रहा। सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को एक्यूआइ संतोषजनक स्थिति में 73 दर्ज किया गया। यहां अति सूक्ष्म कण (पीएम2.5) की मात्रा बढ़ी हुई रही।