Top Agra News of the Day 08th October 2019, मध्यप्रदेश की बस दुर्घटनाग्रस्त, पुलिस वैन में भिड़े बंदी, रेल लाइन पर धरना
मध्यप्रदेश से सोरों अस्थि विसर्जन करने आए लोग घायल। फीरोजाबाद में पेशी से लौटते समय बंदियों में मारपीट। अंडरपास के विरोध में लोग बैठे ट्रैक पर।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में मंगलवार, आठ अक्टूबर 2019 की शाम के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
अनियंत्रित बस पेड़ से जा टकराई, कई घायल
मध्य प्रदेश के जिला सोपर के थाना चिलमानी के गांव डोंगलपुर निवासी दयाराम का बीते निधन हो गया था। सोमवार को पुत्र रोशन अपने सगे संबंधियों और परिजनों के साथ पिता की अस्थि विसर्जन करने सोराें आए थे। मंगलवार की सुबह सभी ने अस्थि विसर्जन की क्रिया की और निजी बस से वापस लौट रहे थे। कासगंज सोरों मार्ग पर ग्राम मामो के निकट चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ेे पीपल के पेड़ में जा घुसी। बस में सवार 13 यात्रियों को चोटें आई हैं।
पुलिस वैन में भिड़े बंदी
फीरोजाबाद में मंगलवार को पेशी से लौटते समय पुलिस वैन में किसी बात को लेकर दो बंदियों के बीच मारपीट हो गई। फीरोजाबाद एका के सिकंदरपुर निवासी संतोष पुत्र राम वीरेश और शिकोहाबाद के गांंव भरौल निवासी सुमित पुत्र राजकुमार काफी समय से जिला कारागार में बंद हैं। पुलिस इनको पेशी पर ले गयी थी। लौटते समय इनमें विवाद हुआ। दोनों बंदियों की आपस में मारपीट के चलते वैन में अफरातफरी मच गई। मारपीट में घायल दोनों को अस्पताल उपचार के लिए लेे जाया गया।
ग्रामीण बैठे रेल ट्रैक पर धरना देने
गोवर्धन में रेल प्रशासन द्वारा सुविधा के लिए बनाया जा रहा अंडरपास ग्रामीणों को रास नहीं आ रहा। ग्रामीणों को डर है कि अंडरपास सुविधा के स्थान पर उनके लिए मुसीबत बनेगा। पानी भरने से एक दर्जन से अधिक गांवाें में आवागमन अवरुद्ध हो जाएगा। रेल प्रशासन से कई बार फरियाद करने के बाद भी जब अंडरपास का निर्माण नहीं रुका तो ग्रामीण मंगलवार दोपहर धरने पर बैठ गए। गोवर्धन रेलवे स्टेशन के समीप सकरवा क्रासिंग पर बन रहे निर्माणाधीन अंडर पास के काम को भी ग्रामीणों ने रुकवा दिया है।