सड़क हादसों में तीन की मौत, पांच लोग घायल
देहात क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाएं पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
जेएनएन, आगरा: अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किरावली: अछनेरा-किरावली मार्ग पर रविवार शाम सात बजे आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने एक को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी उम्र 28 वर्ष है।
रुनकता के लोहकरेरा निवासी 50 वर्षीय भरत सिंह रविवार रात गांव के ही महाराज और कुकथला निवासी कुलदीप के साथ बाइक से किरावली की ओर जा रहे थे। खड़वाई गांव के पास सामने से आ रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां भरत सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर टेंपो को कब्जे में ले लिया है।
खंदौली के नहर्रा निवासी 28 वर्षीय अरविंद चौहान ट्रैक्टर से आलू लेने कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे। गढ़ी राठौर बंबे वाले मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनका ट्रैक्टर पलट गया। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। तीन भाइयों में अरविंद मझले थे। बड़े भाई झांसी में पुलिस कांस्टेबल हैं और छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। वहीं उनकी मौत की सूचना पर स्वजन में कोहराम मच गया। जिसने भी सुना, मौके की ओर दौड़ लगा दी।
स्याहीपुरा में फतेहाबाद की ओर से आ रही सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराया। इससे सवारियां चोटिल हो गईं। कृपालपुरा निवासी विशाल और झार का पुरा निवासी रेखा देवी को घायल अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
जेएनएन, आगरा: ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे हादसे में किशोर ट्रेन से कट गया। दोनों मृतकों में एक की शिनाख्त हो गई है।
भांड़ई और सैंया रेलवे स्टेशन के बीच जौनई के पास रविवार रात 24 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर शव देख इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से कोई भी सामान नहीं मिला है।
पिनाहट के बसई अरेला क्षेत्र के गांव नगला भरी में आगरा से इटावा की ओर जा रही मालगाड़ी से कटकर 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने बताया कि धड़ और सिर अलग हो गया था। पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त मुहल्ला पूरनपुरा, पिनाहट निवासी अंकित पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। अंकित 10वीं का छात्र था। उसके पिता किसान हैं। घटना की जानकारी से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।