खंदौली में दो घरों से लाखों का माल ले गए चोर
पोइया गांव में प्रापर्टी डीलर के घर से छह तोले सोने के जेवरात और 1.50 लाख कैश ले गए किसान के घर से आठ तोले सोने के व 250 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी मुकदमा दर्ज
जेएनएन, आगरा। खंदौली में चोरों ने सोमवार की रात दो घरों को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से लाखों के आभूषण और कैश ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पोइया गांव निवासी सुरेश किसान हैं। वे शहर में फैक्ट्री में काम भी करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम को वे काम पर गए थे। घर में उनकी पत्नी और बेटा थान सिंह ही मौजूद थे। रात के समय चोर घर की दीवार फांदकर प्रवेश कर गए। उन्होंने कमरे में रखा संदूक उठाया और भाग निकले। सुबह आंख खुलने पर सामान अस्त व्यस्त था और संदूक गायब। इस पर स्वजन के होश उड़ गए। सूचना पर सुरेश के साथ पुलिस भी पहुंच गई। सुरेश ने पुलिस को बताया कि संदूक में आठ तोले सोने व 250 ग्राम चांदी के जेवरात और 36 हजार कैश था, जिसे चोर ले गए। छानबीन में पुलिस को घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में खाली संदूक पड़ा मिल गया।
दूसरी घटना भी इसी गांव के प्रापर्टी डीलर कांता प्रसाद के घर में हुई। कांता प्रसाद के मुताबिक स्वजन अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान छत के रास्ते घुसे चोर बंद कमरे की कुंडी खोल अलमारी में रखे छह तोले के सोने के जेवरात और 1.50 लाख रुपये चोरी कर ले गए। एसओ अरविंद निर्वाल ने बताया कि दोनों पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।