Theft in Agra: आगरा मे रिक्शे से आया चोर, भाजपा नेता के ज्वैलरी शोरूम के ताले तोड़कर 40 लाख के आभूषण ले गया
Theft in Agra सदर थाना के राजपुर चुंगी क्षेत्र में पुलिस चौकी से 100 कदम की दूर दुस्साहसिक घटना। शोरूम के शटर का ताला तोड़कर 800 ग्राम सोने व 10 किलोग्राम चांदी के आभूषण ले गया चोर। शाेरूम भाजपा नेता केपी फौजदार के भतीजे का है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के सदर थाना क्षेत्र में रिक्शे से आए चोर ने पुलिस चौकी से 100 कदम की दूरी पर भाजपा नेता के ज्वैलरी शोरूम में दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार की भोर रिक्शे से आया चोर ज्वैलरी शोरूम के ताले तोड़कर वहां से 800 ग्राम सोने और 10 किलोग्राम चांदी के जेवरात ले गया। इनकी कीमत 40 लाख रुपये बताई गई है। सराफा व्यवसाई शुक्रवार की सुबह शोरूम खोलने पहुंचा तो ताले टूटे देख उसके होश उड़ गए। सूचना देने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई।रिक्शे से आए चोर के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिले हैं। वारदात के बाद वह किसी ओर भागा, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है।
ताजगंज के गुड़ियाई मंडी निवासी रोहित फाैजदार का राजपुर चुंगी पर इंफ्रैंटी लाइन पुलिस चौकी के पास एमएल ज्वैलर्स के नाम से शोरूम है। रोहित भाजपा नेता केपी फौजदार के भतीजे हैं। केपी फौजदार वर्तमान में संघ के अनुषांगिक संगठन भारती शिक्षण संस्थान ब्रज प्रांत के संयुक्त मंत्री हैं। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे रोहित शोरूम पर पहुंचे तो उसके ताले टूटे हुए थे। यह देख उनके होश उड़ गए, अंदर पहुंचे तो शोरूम में रखे सोने-चांदी के सारे आभूषण गायब थे। इनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
सूचना पर सीओ सदर राजीव कुमार और थाने का फोर्स पहुंच गया। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने शोरूम पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें आधी रात के बाद 3:15 बजे एक रिक्शा चालक शोरूम के बाहर दिखाई दे रहा है। रिक्शे से आया चोर कुछ देर तक शोरूम के बाहर कुछ देर के लिए शटर तक जाता है। शोरूम के आसपास घूमने के बाद लौट जाता है। शुक्रवार की भोर 4:15 बजे वह दोबारा शोरूम पर पहुंचता है। शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता है। वहां से 4:37 बजे वह बाहर निकल जाता है।
करीब 22 मिनट के दौरान रिक्शे से आया चोर शोरूम से 800 ग्राम सोने के जेवरात, 30 से 35 किलोग्राम चांदी के जेवरात लेकर भाग गया। पुलिस चोर का सुराग लगाने के लिए आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर रही है। इससे कि उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया चोर का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रह हैं। घटना के पर्दाफाश करने के लिए कई टीमें लगाई हैं।