आरएसएस, भाजपा का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं
कांग्रेस संगठन सृजन अभियान में प्रदेश महासचिव अनिल कुमार यादव ने की बैठक
आगरा, जागरण संवाददाता। कांग्रेस द्वारा संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को धांधूपुरा, सिकंदरा और मोतीकुंज में इसके लिए बैठकें हुईं। मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश महासचिव व आगरा मंडल प्रभारी अनिल कुमार यादव ने कहा कि आरएसएस और भाजपा का देश की आजादी की लड़ाई में कभी कोई योगदान नहीं रहा।
अनिल कुमार यादव ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस द्वारा देश के विकास के लिए बनाई गई सरकारी संस्थाओं को बेच रही है। खास उद्यमियों को बैंकों से ऋण दिलाकर सरकारी संस्थाओं को बेचा जा रहा है। देश के किसानों, शिक्षित नौजवानों को नौकरी से निकाला जा रहा है। बेरोजगारी, महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी हैं और सरकार देश की बर्बादी देख रही है। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2022 में देश को बर्बाद करने वाली फिरकापरस्त ताकतों को सत्ता से उखाड़ फेंकने को तैयार है। पार्टी कार्यकर्ता लाठी और गोली खाने को तैयार हैं, वे डरेंगे नहीं। विनोद बंसल, अशोक शर्मा, नंदलाल भारती, आइडी श्रीवास्तव, अजहर वारसी, दिलीप वर्मा, अश्वनी कुमार बिट्टू, वासित अली, किशन गोपाल बघेल आदि मौजूद रहे।