राजा की मंडी में चोरों का राज
आगरा(जागरण संवाददाता): राजा की मंडी बाजार में पुलिस चौकी के सामने गुरुवार रात को चोरों का राज रहा। ग
आगरा(जागरण संवाददाता): राजा की मंडी बाजार में पुलिस चौकी के सामने गुरुवार रात को चोरों का राज रहा। गारमेंट शोरूम के ताले तोड़कर चोर उसमें रखी नगदी और सामान चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी हुई इसके बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरा की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। न्यू राजा मंडी कॉलोनी के मालवीय कुंज निवासी नमित जसवानी का राजा की मंडी पुलिस चौकी के सामने मनीष पैराडाइज के नाम से गारमेंट्स शोरुम है। गुरुवार रात को शो रूम बंद करके गए थे। सुबह आठ बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके शोरूम के ताले टूटे हुए हैं। उन्होंने वहा पहुंचकर देखा तो शो रूम में सामान बिखरा हुआ पड़ा था और गल्ले में रखे करीब 20- 25000 रुपये गायब थे। उनके शोरूम से थोड़ी दूरी पर एक दुकान के भी चोरों ने ताले तोड़ कर चोरी की। यहा से लाखों का सामान और नकदी चोरी कर ले गए। नमित के शोरूम में पांच साल पहले भी चोरी हुई थी। इसमें चोर लाखों रुपए का सामान चोरी कर ले गए थे। उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन पुलिस चोरों को नहीं पकड़ सकी थी। अब दूसरी बार चोरी होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार की सुरक्षा के लिए राजा मंडी में पुलिस चौकी बनाई गई थी, मगर पुलिस बाजार में गश्त तक नहीं करती और न ही रात को पुलिस चौकी में रहती है। इसीलिए लगातार घटनाएं हो रही हैं। गुरुवार रात को भी पुलिस चौकी में ताला लटका हुआ था। स्थानीय व्यापारी बाजार में चोरी की घटनाओं को रोकने और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करवाने की मांग कर रहे हैं।