बटेश्वर में सेल्फी के चक्कर में युवतियों की जान पर बन आई
बटेश्वर में गुंबद पर चढ़कर सेल्फी ले रही थीं बहनें पैर फिसलने से नदी में डूबीं दो नाविकों ने छलांग लगाकर बाहर निकाला
जागरण टीम, आगरा। बटेश्वर में यमुना नदी के घाट पर गुंबद पर खड़े होकर सेल्फी ले रही बहनें पैर फिसलने से नदी में डूब गई। शोर सुन नाविक ने नदी में कूदकर उनकी जान बचाई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। फीरोजाबाद की रहने वाली 18 वर्षीय नेहा पुत्री संतोष शर्मा सोमवार सुबह चचेरी बहन शिवानी (19) पुत्री प्रशांत शर्मा और दादी शिवरानी के साथ तीर्थ बटेश्वर में पूजा-अर्चना करने आई थी। दादी पूजा कर रही थीं तभी दोनों बहनें यमुना के घाट पर सेल्फी लेने लगीं। वे घाट पर बने गुंबद पर चढ़कर सेल्फी लेने लगीं, तभी पैर फिसलने पर दोनों बहनें नदी में डूब गई। यह देख वहां नाव लेकर जा रहे करन और छुन्नीलाल ने नदी में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में दोनों बहनों को बाहर निकाल लिया गया। बेसहारा गोवंश से टकराकर युवक की मौत
जागरण टीम, आगरा। सड़क पर बेसहारा गोवंश से टकराने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे स्वजन में कोहराम मच गया। मंगलवार को (आज) उसे गोद भराई के लिए बरना, फतेहाबाद जाना था।
निबोहरा के गांव बिलईपुरा निवासी 19 वर्षीय रामलखन पुत्र जगदीश का रिश्ता फतेहाबाद के बरना गांव में तय हुआ था। मंगलवार को गोद भराई का कार्यक्रम था। इससे पहले वह रविवार सुबह रामबाग, प्रकाश नगर में रहने वाली अपनी बुआ के घर बाइक से गया था। शाम छह बजे लौटते समय आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर नगला देवहंस के पास अचानक सड़क पर बेसहारा गोवंश आ गए। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह उनसे टकरा गया। डौकी पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। रात एक बजे रामलखन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे स्वजन में कोहराम मच गया। रामलखन की गोद भराई की खुशियां मातम में बदल गई।