सिकंदरा मंडी में कीचड़ बन रही हादसों का सबब
मंडी में गंदगी से व्यापारियों में आक्रोश दोपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल कीचड़ से भरी सड़कों पर गिरने से कई सब्जी विक्रेता और मजदूर हो चुके हैं घायल
आगरा, जागरण संवाददाता। यदि आप सिकंदरा फल व सब्जी मंडी में खरीददारी करने आ रहे हैं तो जरा संभलकर आएं। यहां की कीचड़ और फिसलन भरी राह आपको अस्पताल भी पहुंचा सकती है। सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी की कीचड़ से भरी राह हादसों का सबब बन रही है। दोपहिया व पैदल लोगों का निकलना दूभर हो गया है। कई मजदूरों के फिसलकर घायल होने के चलते वह मंडी में कदम रखने से डर रहे हैं। गंदगी के चलते यहां काम करने वाले आढ़ती, विक्रेताओं व थोक व्यापारियों में आक्रोश है।
सिकंदरा मंडी के व्यापारियों मनोज, शफीक, फहीम के अनुसार यह स्थिति करीब सप्ताह भर से है। जिम्मेदार लोगों से कई बार यहां सफाई कराने की मांग की जा चुकी है। मंडी में प्रतिदिन हजारों लोग खरीद-फरोख्त के लिए आते हैं। दर्जनों मजदूर यहां काम करते हैं। मंडी में लाखों रुपये रोज का कारोबार होता है।
सिकंदरा हाईवे से मंडी में प्रवेश करने के दो रास्ते हैं। दोनों ही रास्तों पर कीचड़ और पानी भरा हुआ है, जिसके चलते यहां काफी फिसलन हो गई है। दोपहिया वाहन चालक कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। मजदूर भी इन रास्तों पर पैर रखने से घबरा रहे हैं। उन्होंने अपनी मजदूरी बढ़ा दी है। आढ़तियों को अपनी दुकानों के सामने खुद सफाई करनी पड़ रही है, जिससे कि वह ग्राहक को अपनी दुकान तक आने का रास्ता सही कर सकें।
मंडी से गुजरने पर फिसलने की लग रही शर्त
मंडी में चुंगी कार्यालय के सामने से जाने वाली सड़क पर निकलने वाले लोगों पर वहां के लोग शर्त लगा रहे हैं। यह रोड सबसे ज्यादा फिसलन वाली है, दोपहिया वाहन में ब्रेक लगाने पर वह असंतुलित होकर फिसल जाता है। सड़क पर कई इंच तक कीचड़ जमा हुआ है। पैदल निकलने वालों के लिए भी यह रास्ता खतरनाक साबित हो रहा है।