आगरा में होलिका दहन के बाद देर रात कोयला गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान
हरीपर्वत क्षेत्र के फ्रीगंज क्षेत्र में लगी आग दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग। लाखों रुपये के नुकसान होने की आशंका। गोदाम में रखा एक स्कूटर भी जलकर राख हो गया। आसपास के लोग भी दहशत के चलते घरों से बाहर निकल आए।
आगरा, जागरण संवाददाता। होलिका दहन के बाद देर रात फ्री गंज में एक कोयला गोदाम में भीषण आग लग गई। दमकल मौके पर पहुंच गईं। काफी देर बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में लाखों का नुकसान होने के आंकलन किया गया है।
फ्रीगंज क्षेत्र में एक कोयला गोदाम में रविवार देर रात होलिका दहन के समय चिंगारी पहुंच गई। इसके बाद इसमें आग लग गई। थोड़ी देर में ही गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। इसकी चपेट में आकर एक स्कूटर में आग लग गई। थोड़ी देर में ही स्कूटर जलकर खाक हो गया। गोदाम में लगी आग को आसपास के लोगों ने बुझाने का प्रयास किया। मगर, सफलता नहीं मिली। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। कोयलों में आग पूरी तरह सुलग चुकी थी। इसलिए आग बुझाने में दकमल को अधिक समय लगा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में कर लिया गया। आग से गोदाम के आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। कई परिवार अपने घरों से बाहर निकल गए। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। गोदाम मालिक भी देर रात मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लाखों का नुकसान होने की आशंका जताई है। गोदाम में आग लगने का कारण होलिका दहन के समय निकली चिंगारी माना जा रहा है।