ताज के साये में राज्यपाल ने किया चाय और नाश्ता, मौसम का उठाया लुत्फ
शुक्रवार को रहती है ताजमहल की बंदी। ताज खेमा के टीले पर राज्यपाल और उनकी बेटियों को परोसा गया नाश्ता। सुबह रही हल्की धुंध। टीले का ताज का नजारा है अद्भुत। दोपहर में राज्यपाल हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री का करेंगी अवलोकन। आज किसानों से भी मुलाकात करेंगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल तीन दिन के प्रवास पर आगरा में हैं। शुक्रवार को सुबह राज्यपाल ने ताज खेमा में बने टीले से ताजमहल के खूबसूरत नजारे का आनंद लिया। हल्की ठंड, हल्की धुंध और सुबह की खिलती धूप के बीच राज्यपाल और उनकी पुत्रियों ने ताज खेमा पर चाय और नाश्ते का लुत्फ भी लिया। इस दौरान यहां जमकर फोटो भी खिंचवाए।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे होटल ताज खेमा पहुंचीं। यहां से ताजमहल को निहारते हुए नाश्ता किया। शुक्रवार होने के चलते ताजमहल आज बंद था इसलिए परिवार ने ताज के सौंदर्य का आनंद ताज खेमा के टीले से लिया। होटल अमर विलास से गोल्फ कार्ट में बैठकर वे ताज खेमा पहुंचीं। कार्यक्रम में करीब डेढ़ घण्टे का विलम्ब रहा। करीब 1:15 घण्टे तक राज्यपाल और उनके परिवार के सदस्य ताज खेमा पर रहे। शुरू में कोहरे की वजह से ताजमहल थोड़ा धुंधला नजर आया, बाद में धूप खिलने पर अच्छी फोटोग्राफी हुई। डीएम प्रभु एन. सिंह और एसएसपी बबलू कुमार भी ताज खेमा में टीले पर जाने की बजाय नीचे बैठे रहे। राज्यपाल ताज खेमा से निकलकर शास्त्रीपुरम स्थित स्टोनमैन क्राफ्ट्स जा रही हैं। यहां हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया देखेंगी। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने फीरोजाबाद में ग्लास फैक्ट्री का अवलोकन किया था। आज दोपहर वे किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगी और शाम को लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।