Gram Panchayat Chunav: मैनपुरी में चुनाव से पहले Crime Control को हालचाल दस्ता सक्रिय, मिलने लगी सूचनाएं
Gram Panchayat Chunav दस्ते में तैनात महिला पुलिस कर्मी जुटा रही अपराध और अपराधियों की जानकारी। चुनाव को लेकर सक्रिय किए हालचाल दस्ते ने आसान की पुलिस कार्रवाई की राहें। दस्ते में 13 महिला पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया है।
आगरा, जेएनएन। मैनपुरी में पुलिस का हालचाल दस्ता फिर से सक्रिय हो गया है। जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्र की गतिविधियां पुलिस को पता लग रही हैं। चुनाव को प्रभावित करने वालों के बारे में भी जानकारी मिल रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पंचातय चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सभी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को होना जरूरी है। इसी को लेकर एसपी अविनाश पांडेय ने हालचाल दस्ता बनाया है। ये दस्ता एसपी के केंप कार्यालय पर तैनात रहता है। इस दस्ते में 13 महिला पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया है। प्रत्येक महिला पुलिस कर्मी को एक थाना क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही संबंधित थाना क्षेत्र के गांवों की सूची और यहां रहने वाले ग्रामीणों के फोन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। महिला पुलिस कर्मी द्वारा ग्रामीणों से फोन कर उनका हालचाल पूछा जाता है। बातचीत के दौरान महिला पुलिस कर्मी इस बात की जानकारी जुटाने की कोशिश करती है कि संबंधित गांव में कोई व्यक्ति दबंगई तो नहीं दिखा रहा है। चुनाव को प्रभावित करने वाले हथकंडे तो इस्तेमाल नहीं किए जा रहे हैं। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब अथवा धन का वितरण तो नहीं किया जा रहा है। किसी प्रकार से आचार संहिता का उल्लंघन अथवा अन्य प्रकार के अपराधों की जानकारी भी ली जा रही है। हालचाल दस्ता के परिणाम भी सामने आने लगे हैं। इसी के आधार पर पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता के उल्लंघन और शराब व अन्य प्रकार के अपराध के बारे में जानकारी मिलना शुरू हो गया है। पुलिस भी इन अपराधों के खिलाफ तेजी के साथ कार्रवाई कर रही है। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि हालचाल दस्ता के माध्यम से पुलिस को कई अहम सूचनाएं भी मिली हैं।