Weather Change Effect: मौसम हो रहा है बेईमान, फसलों का रखें विशेष ध्यान
Weather Change Effect सरसों में चेंपा आलू में झुलसा रोग लगने की बनी हुई है आशंका। घटे हुए तापमान से सब्जियों की घट जाएगी बढ़वार। कोहरा गहराने लगा है और तापमान अधिकतम तापमान से नीचे तेजी से लुढ़क रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। काेहरा अपना असर दिखा रहा है और शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे में खेतों में खड़ी फसल के लिए भी मुश्किल हो रही है। कृषि विज्ञानी गेहूं के लिए भले ही बेहतर मौसम बता रहे हों, लेकिन सरसों, आलू और सब्जियों के लिए संकट बना हुआ है।
कोहरा गहराने लगा है, और तापमान अधिकतम तापमान से नीचे तेजी से लुढ़क रहा है। ऐसे में सब्जियों की बढ़वार प्रभावित होनी शुरू हो गई है। नई पौधों की बढ़वार थम गई है, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। वहीं सरसों की बुवाई भी अक्टूबर से नवंबर के मध्य हुई थी। अगर कोहरा अधिक हुआ और धूप नहीं खिली तो चेंपा रोग लगने की आशंका बनी हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डा. आरएस चौहान ने बताया कि चेंपा सरसों के लिए बहुत हानीकारक होता है, इसलिए किसान निगाह रखें और तत्काल उपचार करें। उन्होंने बताया कि आलू पर झुलसा रोग लगने की आशंका बनी हुई है। फफूंदनाशक का छिड़काव कर इसका बचाव किया जा सकता है। दलहनी फसलों के लिए भी मौसम अनुकूल नहीं है। मसूर, चना, मटर आदि फसलों की बढ़वार हल्की हो जाएगी। कोहरा बढ़ने और धूप नहीं खिलने से सब्जियों की ग्रोथ पर भी सीधा असर पड़ेगा। ऐस सब्जियां जिन पर फूल नहीं आया होगा, उनकी बढ़वार प्रभावित होगी।