एक ही सप्ताह में दूसरी बार ताज में प्रवेश नहीं कर सकेंगे पर्यटक, 29 को रहेगा दो घंटे बंद Agra News
शनिवार को आएंगे म्यांमार के राष्ट्रपति। दोपहर 12 से 2 बजे तक ताज में पर्यटकों का प्रवेश रहेगा बंद। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने जारी की सूचना।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताज एक ही सप्ताह में दूसरी बार पर्यटकों के लिए फिर से बंद रहेगा। हालाकि ये बंदी पूरे या आधे दिन के लिए नहीं अपितु महज दो घंटे के लिए होगी। 29 फरवरी शनिवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू विन मिंट अपनी पत्नी डॉ चो चो के साथ ताज का दीदार करने आएंगे। इस दौरान दोपहर 12 बजे से दो बजे तक के लिए ताज महल में पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा। इस बाबत एएसआई ने सूचना जारी कर दी है।
24 फरवरी के बाद एक बार फिर ताज की बंदी रहने वाली है। यूं तो एक सप्ताह में ताज की ये तीसरी बंदी होगी लेकिन इन तीनों बंदियों में ही कार्फ फर्क है। 24 फरवरी को विश्व के सबसेे शक्तिशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सपरिवार ताज के दीदार के लिए आए थे। उनके आगमन से एक सप्ताह पूर्व खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक के क्षेत्र को चाक चौबंद सुरक्षा के साथ स्वच्छ और सुंदर भी बन दिया गया था। 17 फरवरी से अमेरिकी एडवांस टीम ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण आदि के लिए आ गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनकी अगुवाई की थी। आधा शहर उस वक्त आम जनता के लिए रोक दिया गया था। ट्रंप के ताज भ्रमण के लिए सोमवार को दोपहर 12 बजे के बाद पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया गया था। इतना ही नहीं ट्रंप का विमान आगरा की धरती पर उतरने से ठीक पहले आगरा किला में भी पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया गया था। वहीं शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के कारण ताज के दीदार से लोग वंचित रह गए। बंदी के अगले दिन ताज देखने के लिए पर्यटकों की लंबी लाइन लग जाती है। ऐसे में शनिवार को दो घंटे तक बंद रहने की जानकारी पर्यटकों के लिए मुश्किल बन सकती है।