Move to Jagran APP

Full Moon at Tajmahal: रात में खुलेगा ताजमहल, असली चमकी नहीं देख सकेंगे सैलानी

20 अक्टूबर को है शरद पूर्णिमा पिछले वर्ष बंद रहा था ताजमहल। रात 830 से 11 बजे तक पांच स्लॉट में कर सकेंगे ताज रात्रि दर्शन। चंद्रमा रात 12 बजे के करीब ही ताजमहल के ऊपर आना शुरू होता है। इससे पर्यटक असली चमकी नहीं देख सकेंगे।

By Nirlosh KumarEdited By: Published: Thu, 14 Oct 2021 03:05 PM (IST)Updated: Thu, 14 Oct 2021 03:05 PM (IST)
Full Moon at Tajmahal: रात में खुलेगा ताजमहल, असली चमकी नहीं देख सकेंगे सैलानी
ताज रात्रि दर्शन की शुरुआत 18 अक्टूबर से होगी।

आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र में रात 11 से सुबह छह बजे तक लागू रात्रि कर्फ्यू ताजमहल के कद्रदानों को असली चमकी के दीदार से वंचित रखेगी। ताजमहल रात में खुलेगा जरूर, लेकिन सैलानी असली चमकी नहीं देख सकेंगे। चंद्रमा, ताजमहल के ठीक ऊपर जब तक आएगा, तब तक स्मारक पर ताला लग चुका होगा। चंद्रमा रात 12 बजे के करीब ही ताजमहल के ऊपर आना शुरू होता है। इससे पर्यटक असली चमकी नहीं देख सकेंगे।

loksabha election banner

शरद पूर्णिमा पर चांदनी रात में ताजमहल के दीदार की ख्वाहिश सैलानी वर्षभर संजोए रहते हैं। इस बार शरद पूर्णिमा 20 अक्टूबर को है। पिछले वर्ष कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते रात्रि दर्शन की अनुमति न होने से स्मारक बंद रहा था और सैलानियों को मनोरम नजारे के दीदार से वंचित होना पड़ा था। वर्तमान में उप्र में रात्रि कर्फ्यू लागू है, जिसके चलते रात्रि दर्शन के लिए ताजमहल रात 8:30 से 11 बजे तक ही खुल सकेगा। आधा-आधा घंटे के पांच स्लॉट में 50-50 पर्यटकों के बैच में अधिकतम 250 सैलानी ही चांदनी रात में ताजमहल देख पाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर, 2004 में ताज रात्रि दर्शन को शुरू करने की इजाजत दी थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार रात 8:30 से 12:30 बजे तक ताजमहल रात में खुलता था। आधा-आधा घंटे के आठ स्लाट में अधिकतम 400 सैलानी ताज रात्रि दर्शन किया करते थे। मार्च, 2020 में कोरोना वायरस के संक्रमण के दस्तक देने पर स्मारकों के बंद होने के साथ ताज रात्रि दर्शन भी बंद हो गया था। ताज रात्रि दर्शन की शुरुआत पिछले महीने से ही हुई है।

क्या है चमकी

ताजमहल की पच्चीकारी में प्रीसियस और सेमी-प्रीसियस स्टोन लगे हुए हैं। उन पर जब सूर्य या चंद्रमा की रोशनी पड़ती है तो वो चमकने लगते हैं। चंद्रमा की शीतल रोशनी में ताजमहल के हुस्न में जड़े कीमती नगीनों (प्रीसियस और सेमी-प्रीसियस स्टोन) के चमकने को ही चमकी कहते हैं।

17 से मिलेंगे टिकट

पूर्णिमा बुधवार को है। ताजमहल पूर्णिमा से दो दिन पूर्व और दो दिन बाद तक खुलता है। 22 अक्टूबर को शुक्रवार होने से ताजमहल बंद रहेगा और इस माह ताज रात्रि दर्शन चार दिन ही होगा। 18 से 21 अक्टूबर तक ताज रात्रि दर्शन चलेगा। नियमानुसार ताज रात्रि दर्शन को एक दिन पूर्व एएसआइ के माल रोड स्थित आफिस से टिकट लेने होंगे। 17 अक्टूबर से टिकट मिलना शुरू हो जाएंगे। विदेशी पर्यटक के लिए टिकट 750 रुपये, भारतीय के लिए 510 रुपये और 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए टिकट 500 रुपये का है।

ताज व्यू प्वाइंट से भी देख सकेंगे चमकी

सैलानी मेहताब बाग स्थित ताज व्यू प्वाइंट से भी ताज रात्रि दर्शन कर सकेंगे। एडीए द्वारा संचालित व्यू प्वाइंट का टिकट भी ताजमहल से रात्रि दर्शन की अपेक्षा कम है। भारतीयों के लिए टिकट 200 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 500 रुपये की है। यहां से प्रतिदिन रात में ताजमहल देखा जा सकता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.