महिलाएं आयोग के व्हाट्सअप नंबर पर करें शिकायत: सुषमा सिंह
24 से 48 घंटे में कार्रवाई तय कर रहा राज्य महिला आयोग।
आगरा, जेएनएन। उप्र राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा है कि आयोग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आयोग का गठन होने के बाद व्हाट्सअप नंबर जारी किया गया है ताकि पीडि़त आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें और उनका तत्काल निस्तारण भी हो सके।
वृंदावन स्थित अक्षयपात्र में होने वाले नारी शक्ति कुंभ में भाग लेने आईं सुषमा सिंह ने कहा कि पीडि़त महिलाएं व्हाट्सअप पर अपनी शिकायत के साथ आईडी और फोटो नंबर भेज सकती हैं। ये नंबर सोमवार से शुक्रवार तक संचालित रहता है। व्हाट्सअप पर शिकायत मिलने के साथ ही संबंधित थाना से संपर्क कर आयोग के कर्मचारी मामले में 24 से 48 घंटे में कार्रवाई करा रहे हैं।
महिलाओं में जागरूकता लाने के लिए आयोग के सभी सदस्य हर जिले में जाकर सर्वे कर रहे हैं। इस टीम की प्राथमिकता जन सुनवाई है। महीने के पहले और अंतिम बुधवार को सुनवाई की जा रही है। इस सुनवाई में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहते हैं। महिलाओं में कानून की जानकारी के अभाव पर कहा कि वर्तमान में शत प्रतिशत मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। महिलाओं को भी इसके लिए जागरूक होना पड़ेगा।
आश्रय सदन में रह रहीं महिलाओं के बारे में कहा कि इनकी समस्याओं का निवारण करने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। कहा कि बेटियों के लिए सरकार ने सामूहिक विवाह व अनुदान जैसी योजनाएं शुरू की हैं, ताकि लोगों में बेटी बचाने के लिए जागरूकता पैदा हो। उन्होंने आयोजन के बारे में कहा कि नारी शक्ति कुंभ वैचारिक मंथन है। ऐसे अनेक कुंभ उप्र में कई स्थानों पर किए जा रहे हैं।
प्रदर्शनी से होगा नारी शक्ति कुंभ का आगाज
अब से कुछ ही देर में नारी सशक्तिकरण का माध्यम बनने जा रहे नारी शक्ति कुंभ का आगाज आदिकाल से अब तक की महिला शक्तियों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी से होगा। मां दुर्गा से लेकर भारतीय संस्कृति और स्वाधीनता से लेकर राजनीति, विज्ञान, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली वीरांगनाओं के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी के जरिए आधी आबादी को सशक्त बनाने की कवायद होगी।
अक्षयपात्र परिसर में प्रदेश सरकार व डॉ. भीमराव अंबेडकर विवि के नारी शक्ति कुंभ का आगाज नारी तेजोबल विषयक प्रदर्शनी से होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन साध्वी ऋतंभरा करेंगी।
पांच हजार महिलाओं के लिए भोजन की व्यवस्था
देशभर से आ रही करीब पांच हजार महिलाओं के लिए भोजन व्यवस्था आयोजन स्थल पर रखी गई है। करीब एक दर्जन लोग दिन-रात भट्टी पर तरह-तरह के व्यंजन अतिथि महिलाओं के लिए तैयार कर रहे हैं। नाश्ते में पोहा, हलवा, वेज पकोड़े, ब्रेड आदि के अलावा दोपहर के भोजन में दो मिठाइयां, तीन तरह की सब्जी, रोटी, पूड़ी, चावल, दाल की व्यवस्था की गई है। रात के भोजन में पकवान के अलावा दूध की भी विशेष व्यवस्था है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महिलाओं के कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल के अंदर बिना पास के किसी भी व्यक्ति को एंट्री नहीं दी जाएगी। जिस भी व्यक्ति के लिए पास जारी किए गए हैं, उनके आधार कार्ड भी जमा कराए गए हैं।
बेबीरानी और रीता बहुगुणा रहेंगी मौजूद
नारी शक्ति कुंभ के उद्घाटन सत्र में उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य के अलावा प्रदेश की महिला व बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी आदि मौजूद रहेंगी।
रविवार को मौजूद रहेंगे ये वीआइपी
नारी शक्ति कुंभ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण व गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा संबोधित करेंगी।