Agra Master Plan 2031: महायोजना का फिर से शुरू हुआ सर्वे, घर−घर जा रहीं टीमें
Agra Master Plan 2031 इस माह तक तैयार होना है ड्राफ्ट। अब दस साल की बनेगी महायोजना-2031 बढ़ सकते हैं जोन। निजी कंपनी द्वारा अलग-अलग टीम लगाई गई हैं। यह टीमें घर-घर जाकर डाटा जुटा रही हैं। सेटेलाइट इमेज के माध्यम से सत्यापन किया जा रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा महायोजना-2031 का फिर से सर्वे शुरू हो गया है। निजी कंपनी द्वारा अलग-अलग टीम लगाई गई हैं। यह टीमें घर-घर जाकर डाटा जुटा रही हैं। हालांकि यह कार्य जितनी रफ्तार से होना चाहिए, नहीं हो पा रहा है। इसकी वजह कोरोना संक्रमण का डर है। फिर भी सभी इंतजामों के साथ सर्वे को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। शहरी नियोजन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सेटेलाइट इमेज के माध्यम से सत्यापन किया जा रहा है। इस माह के अंत तक ड्राफ्ट बनकर तैयार होना है। इसलिए सर्वे तेजी से किया जा रहा है। महायोजना-2031 दस साल के लिए होगी। पूर्व की महायोजना बीस साल की होती थी।
यह होगा फायदा
- अनियोजित विकास पर अंकुश लगेगा
- सुनियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा
- यातायात और परिवहन की सुगम बनेगी
- आधारभूत संसाधनों को बढ़ावा मिलेगा
पहली महायोजना : आगरा की पहली महायोजना वर्ष 1980-2001 तक लागू रही। हालांकि इसे वर्ष 1982 में लागू किया गया था। इस महायोजना पर 40 फीसद ही काम हुआ था।
दूसरी महायोजना : वर्ष 2001 से 2021 तक दूसरी महायोजना चलेगी। इस महायोजना को 2004 में लागू किया गया था। महायोजना पर अब तक 35 फीसद काम पूरा हुआ है। इसके तहत शहर को सात जोन में बांटा गया था। अब तक दो जोन पर काम हुआ। यह जोन दो और छह हैं। बाकी पांच जोन पर कोई काम नहीं हुआ।
आगरा महायोजना-2021 में यह पूरे नहीं हुए कार्य
- दो ट्रांसपोर्ट नगर और बस अड्डों का निर्माण नहीं हुआ
- इनर रिंग रोड के तीन चरण का काम अब तक पूरा नहीं हुआ।
- जोनल पार्क सिर्फ ताजनगरी में बना है।
- हाईटेक पार्क का निर्माण नहीं किया गया है।