आगरा में नीट की तैयारी करते छात्र ने की खुदकुशी, मैनपुरी का था रहने वाला
Suicide Case in Agra मैनपुरी के कुरावली में दुल्लापुरा निवासी 18 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र रायसिंह किराए पर रहकर कर कंपटीशन की तैयारी कर रहा था। कुछ दिनों से अवसाद में था। आगरा के मनोचिकित्सक से चल रहा था इलाज।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में नीट की तैयारी करते छात्र ने शुक्रवार को खुदकुशी कर ली। मैनपुरी का रहने वाला छात्र दयालबाग के सरला बाग में किराए पर कमरा लेकर रहा था। डिप्रेशन का शिकार होने के चलते छात्र का इलाज चल रहा था। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। छात्र के स्वजन को पुलिस द्वारा घटना की जानकारी देने पर वह आगरा के लिए रवाना हो गए।
इंस्पेक्टर न्यू आगरा निर्वाल कुमार सिंह ने बताया कि छात्र जितेंद्र सिंह पुत्र राय सिंह की उम्र लगभग 18 साल थी। वह मूलरूप से मैनपुरी की तहसील कुरावली के गांव दुल्लापुर पोस्ट गोपालपुर का रहने वाला था। जितेंद्र सिंह व्यक्तिगत परीक्षाथी के रूप में इंटर की परीक्षा दे रहा था। इसके साथ ही आगरा में रहकर वह नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
दयालबाग के सरला बाग में चौधरी मोहर सिंह के मकान में किराए पर कमरा ले रखा था। यहां पर रहकर वह परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार छात्र कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहा था। उसका इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार की दाेपहर करीब पौने दो बजे जब वह रोज की तरह कमरे से बाहर नहीं निकला। मकान मालिक उसके कमरे पर गए। वहां उसे छत में लगे पंखे से रस्सी से उसका शव लटका पाया। उसके गले में मोबाइल के ईयरफोन की लीड लटक रही थी। मकान मालिक ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
इंस्पेक्टर निर्वाल कुमार ने बताया छात्र के स्वजन को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके इंतजार किया जा रहा है। छात्र के डिप्रेशन में होने के कारण की जानकारी की जा रही है।