आगरा में पानी की टंकी की रेलिंग पर फंदे से लटक कर खुदकुशी, अवसाद में था युवक
कालिंदी विहार के कांशीराम आवास में रहने वाला 30 वर्षीय नीटू पुत्र रूप किशोर सब्जी की ठेल लगाता था। रविवार सुबह वह घर के पास स्थित पानी की टंकी की रेलिंग से 12 फीट की ऊंचाई पर फंदे से लटका मिला। आसपास के लोगों ने उसके स्वजन को जानकारी दी।
आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी विहार में रविवार सुबह एक युवक का शव पानी की टंकी की रेलिंग से लटका मिला। स्वजन ने उसे नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। युवक पत्नी की मौत के बाद से अवसाद में था।
कालिंदी विहार के कांशीराम आवास में रहने वाला 30 वर्षीय नीटू पुत्र रूप किशोर सब्जी की ठेल लगाता था। रविवार सुबह वह घर के पास स्थित पानी की टंकी की रेलिंग से 12 फीट की ऊंचाई पर फंदे से लटका मिला। आसपास के लोगों ने उसके स्वजन को जानकारी दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंच गए। स्वजन ने उसे फंदे से नीचे उतार लिया। तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद पुलिस को बुला लिया। स्वजन ने पुलिस को बताया कि दो वर्ष पहले नीटू की पत्नी की मौत हो गई। उसकी एक दिव्यांग बेटी है। वह शराब पीने का आदी था। काफी मना करने के बाद भी वह शराब पीना नहीं छोड़ रहा था। जितना कमाता था, उसे वह शराब में ही खर्च कर देता था। कुछ दिन से वह मानसिक तनाव में था। रात को वह घर से निकल गया। इसके बाद वह सीढ़ियों से चड़कर 12 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया। वहां लोहे की रेलिंग से फंदा बांधकर वह लटक गया। युवक की जेब से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। स्वजन का मानना है कि अवसाद में आकर ही उसने खुदकुशी की है। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि युवक के खुदकुशी करने की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर उसकी मौत का कारण पता चलेगा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। स्वजन अवसाद के कारण खुदकुशी करने की बात ही कह रहे हैं।