किरावली में चाऊमीन को लेकर चले लाठी-डंडे, पथराव
छह घायल पुलिस ने मौके से दो को हिरासत में लिया घटना में छह घायल पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही भाग निकले
जागरण टीम, आगरा। चाऊमीन को लेकर बच्चों के विवाद के बाद दो पक्ष आमने सामने आ गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले और ईट-पत्थर फिंके। घटना में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा है। फिलहाल पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
किरावली निवासी फैजल और सुहेल के बच्चे रविवार शाम मुख्य बाजार में चाऊमीन खाने गए थे। वहां उनके बीच विवाद हो गया। मामला बड़ों तक पहुंचा तो उनके बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते उनमें लाठी-डंडे चलने लगे। महिलाओं ने ईट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही घायल भाग निकले। इंस्पेक्टर अछनेरा उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि मौके से दो को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दुकान पर सामान लेने गई किशोरी से छेड़छाड़
जागरण टीम, आगरा। घर के पास ही दुकान से सामान लेने गई किशोरी से दुकानदार ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर आरोपित भाग निकला। थाना सैंया के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी रविवार की शाम को घर के पास ही दुकान से सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार उसे कमरे में ले गया और दबोच लिया। इस दौरान किशोरी से छेड़छाड़ की गई। शोर मचाने पर लोगों को जुटता देख वह भाग निकला। किशोरी ने घर लौटकर स्वजन को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर हंसराज भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बरहन में छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार युवक को रविवार को जेल भेज दिया गया। बरहन के खांडा गांव निवासी हरिओम पर घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ का आरोप था। पुलिस के मुताबिक बीते शुक्रवार की शाम को उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। रविवार को हरिओम को गिरफ्तार कर लिया गया।