सपा प्रदेश अध्यक्ष से बोले दुष्कर्म पीडि़ता के परिजन, फैसले को बनाया जा रहा दबाव Agra News
एटा एसएसपी से बात कर की सुरक्षा देने की मांग। पति ने कहा आरोपित दरोगा को बचा रही पुलिस।
आगरा, जेएनएन। एटा के अवागढ़ क्षेत्र में दो दरोगाओं द्वारा महिला से किए गए दुष्कर्म के मामले को लेकर सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल शनिवार को पीडि़ता के घर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिवार वालों ने आपबीती बताते हुए पुलिस पर आरोप लगाया कि वह उन पर फैसला करने के लिए दबाव बना रही है तथा पीडि़ता की जान को भी खतरा है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने एसएसपी स्वप्निल ममगाई से बात करके पीडि़त महिला को सुरक्षा देने की मांग की।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के साथ एटा पहुंचे। पार्टी कार्यालय पर थोड़ी देर रुकने के बाद वे सीधे दुष्कर्म पीडि़त महिला के गांव गए और महिला के पति से बंद कमरे में बातचीत की। वहीं दूसरी तरफ एटा से गईं महिला सपा नेताओं ने भी पीडि़ता से अलग से बात की। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। पीडि़ता के परिवार वालों ने प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि दुष्कर्म के मामले में जिन दरोगाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज है वे फैसले के लिए दबाव बना रहे हैं, पीडि़ता की जान को भी खतरा है। पुलिस ने सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं किए हैं। जब से मुकदमा दर्ज हुआ है, तब से गांव में दहशत सी है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने एसएसपी से फोन पर बात की और कहा कि महिला को सुरक्षा दी जानी चाहिए ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। जो लोग फैसले के लिए दबाव बना रहे हैं उन पर भी पुलिस कार्रवाई करे।
इस पर पुलिस कप्तान से आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्षता से ही जांच की जा रही है और एक दरोगा को निलंबित भी किया जा चुका है, जबकि जांच में दोषी पाए जाने पर दूसरे दरोगा पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ एमएलसी असीम यादव और जसवंत सिंह, जिलाध्यक्ष अशरफ हुसैन,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक अजय यादव, पूर्व विधायक अमित गौरव यादव, भूपेंद्र प्रजापति, राजू यादव, दीपक यादव, अनिल प्रधान, अनिल यादव, शशिप्रभा शाक्य, किरन यादव, राजकुमारी धनगर आदि मौजूद थे।