UP Athletics: आगरा के एकलव्य स्टेडियम में शुरू हुई राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता, खिलाड़ी दिखा रहे दम
मंगलवार को महिला-पुरुष ओपन वर्ग में होंगे मुकाबले। बुधवार को महिला-पुरुष अंडर-23 के थ्रो इवेंट्स होंगे। वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा एप्रूव्ड उपकरणों का प्रयोग किया जाएगा। मुकाबलों से पहले औपचारिक उद्घाटन समारोह हुआ। चयन 60वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए होगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को दो दिवसीय 28वीं उप्र राज्य ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता और प्रथम उप्र राज्य अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई है। पहले दिन महिला-पुरुष ओपन वर्ग और दूसरे दिन अंडर-23 महिला-पुरुष वर्ग में थ्रो इवेंट्स (शाट पुट, डिस्क्स थ्रो, हैमर थ्रो और जैवलिन थ्रो) के मुकाबले होंगे। मुकाबलों से पहले औपचारिक उद्घाटन समारोह हुआ।
एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को हुई प्रेसवार्ता में उप्र एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव पीके श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने को 28 जिलों के करीब 280 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद एथलेटिक्स के प्रति खिलाड़ियों का रुझान बढ़ा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष एसवीएस राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता में (एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया) एएफआइ और वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा एप्रूव्ड उपकरणों का प्रयोग किया जाएगा। आगरा के योग्य अधिकारियों द्वारा प्रतियोगिता का संचालन किया जाएगा। कोविड-19 के चलते सरकार द्वारा जारी स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर एसओपी का पालन किया जाएगा। आयोजन सचिव व उप्र एथलेटिक्स संघ के संयुक्त सचिव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में किए गए प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन 60वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता और प्रथम राष्ट्रीय अंडर-23 सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
खिलाड़ियों को स्वयं पहनने होंगे पदक
कोविड-19 की गाइडलाइन के चलते प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ियों को स्वयं पदक पहनने होंगे। प्रतियोगिता के तुरंत बाद खिलाड़ियों को पदक और सर्टिफिकेट दिए जाएंगे।