भाजपा की विचारधारा से प्रभावित शिवपाल का भी है पार्टी में स्वागत: चेतन चौहान
भाजपा महिला मोर्चा की महिला सशक्तिकरण दौड़ को आगरा से रवाना करने आए थे खेल मंत्री चेतन चौहान। कहा कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को कोई समस्या है तो सीएम से बात करें।
आगरा [जेएनएन]: योगी सरकार के बाद खेल मंत्री भी समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल यादव का समर्थन कर रहे हैं। आगरा के एकलव्य स्टेडियम से भाजपा महिला मोर्चा की महिला सशक्तिकरण दौड़ को रवाना करने पहुंचे खेल मंत्री चेतन चौहान ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयानों का विरोध करते हुए प्रदेश सरकार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राजभर को यदि शिवपाल यादव को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का बंगला आवंटित करने पर आपत्ति है तो सीधे मुख्यमंत्री से बात करें। मीडिया में बात उछालने का कोई अर्थ है। वहीं शिवपाल यादव क्या भविष्य में भाजपा में शामिल हो सकते हैं, इस सवाल पर खेल मंत्री ने कहा कि भाजपा हर उस व्यक्ति का पार्टी में स्वागत करती है जो इसकी विचारधारा से प्रभावित हो और उसका पालन करता हो। शिवपाल यादव यदि भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होना चाहते हैं तो उनका भी स्वागत है।
बता दें कि योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर अपने विवादित बयानों के चलते हमेशा से सुर्खियों में रहे हैं। योगी सरकार की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री हैं राजभर। इससे पूर्व भी वे भाजपा के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं।
समाजवादी पार्टी से अलग होकर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा गठित करने वाले पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती द्वारा खाली किया गया सरकारी बंगला आवंटित किए जाने के बारे में राजभर ने कुछ समय पूर्व टिप्पणी कि थी। राजभर ने कहा था कि सपा को कमजोर करने के लिए शिवपाल को वह आवास आवंटित किया गया है।
जमीन मिलते ही अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का प्रस्ताव बढ़ेगा आगे
शहर में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाए जाने की योजना पर खेल मंत्री ने कहा कि शहर में लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की मांग उठती रही है। इस मांग को देखते हुए 50 एकड़ जमीन की खोज शुरू हो चुकी है। जमीन मिलते ही स्टेडियम का प्रस्ताव बनाकर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द काम शुरू हो सके।