ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से जवान की मौत, पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही मचा कोहराम Agra News
जम्मू कश्मीर के बडगांव में ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ जवान को पड़ा था हार्ट अटैक। शुक्रवार को हुआ अंतिम संस्कार।
आगरा, जेएनएन। जम्मू -कश्मीर के बडगांव में तैनात सीआरपीएफ जवान अशोक कुमार का शव बुधवार देर रात कुरावली थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव गनेशपुर पहुंचा। पार्थिव शरीर के आते ही माहौल गमगीन हो गया। एक तरफ जवान की मां राजवती का रो-रोकर बुरा हाल था तो दूसरी तरफ उसकी पत्नी सरोजा देवी की चीत्कार, लोगों की आंखें नम कर रही थी। बेटा आनंद और बेटी की आंखें उस ताबूत को निहार रही थी, जिसमें उनके पापा का शव तिरंगे में लपेटा हुआ था। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय मलिक व सदर विधायक राजकुमार यादव की मौजूदगी में सेना के जवानाेें द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया।
बडगांव में तैनात सीआरपीएफ जवान अशोक कुमार की मृत्यु ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से हुई थी। कश्मीर में इस समय तापमान शून्य से नीचे है। देश की रक्षा का जज्बा लिए अर्द्ध सैनिक बल सीआरपीएफ में भर्ती हुए अशोक कुमार दिवाकर के निधन की खबर आने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर थी। बुधवार देर रात तीन बजे सेना के जवान अशोक कुमार का पार्थिव शरीर लेकर गांव गनेशपुर पहुंचे। सैकड़ों की संख्या में भीड़ उनके दरवाजे पर एकत्र थी। तीन भाइयो में सबसे बड़े अशोक कुमार ही एकमात्र ही घर का कमाऊ सदस्य थेे। डीसीपी अमन कुमार और एसआई ख्वाब हुसैन और लगभग एक दर्जन जवानो के साथ सीआरपीएफ के वाहन से अशोक कुमार के पार्थिव शरीर लेकर पहुंचे। गांव में अशोक कुमार अमर रहेंं के जयकारो लगने लगे। जवान के पार्थिव शरीर को गुरुवार सुबह मुखाग्नि बड़े पुत्र आनंद कुमार ने दी।