Move to Jagran APP

शादी से पहले हवालात पहुंचा मुंबई का साफ्टवेयर इंजीनियर

विवाद के बाद दुल्हन ने उतार फेंका कंगन पिता ने लिखाया दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा - होटल की व्यवस्थाओं को लेकर शुरू हुआ विवाद पिता-पुत्र को थाने से मिली जमानत

By JagranEdited By: Published: Fri, 11 Dec 2020 06:30 AM (IST)Updated: Fri, 11 Dec 2020 06:30 AM (IST)
शादी से पहले हवालात पहुंचा मुंबई का साफ्टवेयर इंजीनियर
शादी से पहले हवालात पहुंचा मुंबई का साफ्टवेयर इंजीनियर

आगरा, जागरण संवाददाता। मुंबई का साफ्टवेयर इंजीनियर दूल्हा बनकर आया था। होटल में अव्यवस्था पर दुल्हन के पिता से तकरार हो गई। पिता से अभद्रता पर दुल्हन ने भी कंगन उतारकर फेंक दिया, शादी से इन्कार कर दिया। वधू पक्ष ने दूल्हा और उसके पिता पर दहेज मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया। शादी से पहले ही दोनों हवालात पहुंच गए, बाद में थाने से उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।

loksabha election banner

मूलरूप से गाजीपुर निवासी महेंद्र प्रसाद शर्मा मंडी परिषद में सीनियर असिस्टेंट हैं। कालिदी विहार में वे परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी प्रीति ने बैचलर आफ आप्टोमेट्री (नेत्र चिकित्सा का कोर्स) किया है। उन्होंने नवी मुंबई के पनवेल निवासी रिटायर्ड नायब सूबेदार रामपलट के साफ्टेवयर इंजीनियर बेटे रवि प्रकाश का आनलाइन रिश्ता मिला था। रिश्ता तय करते समय वर पक्ष ने दहेज की कोई मांग नहीं रखी थी। 11 दिसंबर को शादी होनी थी, इसके लिए उन्होंने ताज विलास होटल बुक किया था। बुधवार को दूल्हा रवि प्रकाश और उसके पिता समेत छह लोग आ गए। इस पर एक दिन के लिए घर के पास स्थित होटल त्यागराज में कमरा दिलवा दिया। वहां अव्यवस्था को लेकर दूल्हा और उसके परिवार के लोग बिफर गए। इस पर दूसरे होटल में तीन कमरे आनलाइन बुक करा दिए, फिर भी तकरार नहीं थमी। वर पक्ष ने 25 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी, अचानक इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था कर पाने में असमर्थता जताने पर शादी करने से इन्कार कर दिया। दूल्हे के पिता का आरोप था कि लड़की आंखों की डाक्टर बताई गई थी, लेकिन वह नहीं है। यहां आए तो होटल की व्यवस्था ठीक नहीं थी, टोकने पर दुल्हन पक्ष ने अभद्रता की।

कई घंटे विवाद के बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि महेंद्र की तहरीर पर दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्जकर रवि प्रकाश शर्मा और उसके पिता रामपलट को गिरफ्तार किया गया था। जमानती अपराध के चलते दोनों को थाने से जमानत दे दी गई।

----

दुल्हन के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल

महेंद्र ने बताया कि बेटी की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, रस्म भी शुरू हो गई थीं। सभी रिश्तेदारों को निमंत्रण दिए जा चुके हैं। 10 लाख रुपये भी खर्च हो गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.