CoronaVirus in Agra: आगरा मंडल में अब तक 24 लाख सैंपल, 63 हजार संक्रमित, पढ़ें जिलों की स्थिति
CoronaVirus in Agra आगरा जिले में 21 मई 2021 तक 846255 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। 25273 लोग संक्रमित पाए गए। इसमें 21963 शहरी क्षेत्र और 3310 ग्रामीण क्षेत्र में संक्रमित मिले। आंकड़ों के आधार पर आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति काफी बेहतर है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मंडल में कोरोना की जांच के लिए मार्च 2020 से 21 मई 2021 तक 24,58,451 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं।इसमें 63,430 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। मंडल के चारों जिलों में आगरा सबसे आगे हैं। यहां जांचें भी सबसे अधिक हुईं और संक्रमित भी सबसे अधिक हैं।
कोरोना से संबंधित मंडल स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रिपोर्ट में कोरोना की शुरुआत से लेकर अब तक के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। इसके तहत आगरा जिले में 21 मई 2021 तक 8,46,255 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। 25,273 लोग संक्रमित पाए गए। इसमें 21,963 शहरी क्षेत्र और 3,310 ग्रामीण क्षेत्र में संक्रमित मिले। इन आंकड़ों के आधार पर आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति काफी बेहतर है। शहरी क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में छह गुने से अधिक लोग संक्रमित हैं। जांच के मामले में मंडल में फिरोजाबाद दूसरे नंबर पर है। यहां अब तक 5,99,880 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। 8,440 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 5,021 शहरी क्षेत्र व 3,419 ग्रामीण क्षेत्र में लोग संक्रमित हैं। मथुरा में फिरोजाबाद से थोड़ी कम जांच हुई हैं लेकिन यहां संक्रमितों की संख्या फिरोजाबाद से अधिक हैं। मथुरा में अब तक 5,50,465 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। 20,048 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें से 13,876 शहरी क्षेत्र व 6,162 ग्रामीण क्षेत्र के लोग संक्रमित हैं। मैनपुरी में सबसे कम जांचें हुई हैं लेकिन यहां संक्रमितों की संख्या फिरोजाबाद से अधिक है। मैनपुरी में अब तक 4,61,851 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। 9,669 लाेग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें 6,159 शहरी क्षेत्र व 3,510 ग्रामीण क्षेत्र के लोग शामिल हैं।