Wedding Season: दुल्हन हो या दूल्हे की बहन, हर किसी को पसंद है स्मोकी आइज मेकअप
Wedding Season शादियों में युवतियों की पहली पसंद है यह मेकअप। बाजार में भी उपलब्ध है स्मोकी आइज मेकअप के उत्पाद। स्मोक यानी धुंआ इसीलिए स्मोकी आइज मेकअप में काले रंग का पहले काफी इस्तेमाल किया जाता था पर अब ट्रेंड बदल गया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। बदलते फैशन के दौर में एक चीज है तो सालों से युवतियों की पसंदीदा बनी हुई है, वो है स्मोकी आइज मेकअप। शादियां शुरू हो चुकी हैं और पार्लरों में इस समय दुल्हन से लेकर दुल्हन की सहेलियां और दूल्हे की बहनें तक स्मोकी आइज मेकअप की मांग कर रही हैं। बाजार में स्मोकी आइज मेकअप के लिए कई उत्पाद उपलब्ध हैं।
स्मोकी मतलब काला नहीं
स्मोक यानी धुंआ, इसीलिए स्मोकी आइज मेकअप में काले रंग का पहले काफी इस्तेमाल किया जाता था, पर अब ट्रेंड बदल गया है। अब भूले, नीले और ग्रे रंग से भी स्मोकी आइज मेकअप किया जाता है।इसके साथ-साथ चटकीले रंग में आईलाइनर व काजल भी मिलने लगे हैं, जो आंखों की सुंदरता को बढ़ा देते हैं।
कैसे होता है स्मोकी आई मेकअप
आंखों पर कंसीलर लगाकर बेस बनाया जाता है। इसके बाद काजल को स्मज किया जाता है। फिर आई लाइनर और मस्कारा लगाया जाता है। मस्कारा के दो से तीन कोट लगाए जाते हैं, जिससे पलकें बड़ी लगती हैं। आईब्रो को भी हाईलाइट किया जाता है।
दुल्हन भी पसंद कर रही हैं यह मेकअप
आंखों को सुंदर दिखाने के लिए दुल्हनें भी इस मेकअप की मांग कर रही हैं। ब्यूटीशियन अनीता बताती हैं कि दुल्हन के लिए स्मोकी आई मेकअप में चमकीले रंगों का इस्तेमाल कर अलग लुक दिया जाता है। वहीं, अन्य युवतियों के लिए गहरे रंगों का इस्तेमाल होता है।
हर ड्रेस के साथ है खास
शादी में चाहे वेस्टर्न ड्रेस पहनी हो या लहंगा, साड़ी हो या गाउन, हर परिधान के साथ यह मेकअप सूट करता है।कुछ युवतियां इस मेकअप को अपने आप घर पर ही कर लेती हैं। इसके लिए बाजार में कई तरह के काजल, आईलाइनर और मस्कारा उपलब्ध हैं। ब्यूटी उत्पाद विक्रेता मेघराज ने बताया कि इन उत्पादों की कीमत 100 रुपये से शुरू होती है। ब्रांड के हिसाब के कीमत तय होती है।