आगरा देहात अंचल की संक्षेप खबरें
बटेश्वर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव 20 वर्षीय युवक की नहीं हो सकी शिनाख्त
जागरण टीम, आगरा। बटेश्वर के यमुना के खादर में रविवार को युवक का शव नीम के पेड़ पर लटका मिला। मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। इंस्पेक्टर बाह विनोद कुमार ने बताया कि तीर्थस्थल बटेश्वर में ड्यूटी को गए पुलिसकर्मी ने रविवार सुबह मनमथ के पास खादर में पेड़ा शव लटका देखा। मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष है। वह नीली लोअर और काली बनियान पहने है। नीली धारियों वाली सफेद शर्ट पास ही रखी मिली है। मृतक के दोनों हाथों पर टेटू बना हुआ है। औसत कदकाठी वाले युवक का रंग गेहुआं है। शव चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। एत्मादपुर पुलिस ने गैंगस्टर को किया गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। गैंगस्टर एक्ट के वांछित अपराधी को एत्मादपुर पुलिस ने शनिवार की रात खंदौली रोड स्थित रेलवे पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग के दौरान पुलिस देख भागने पर पीछा कर उसे दबोचा गया। एसएसआइ अवनीश त्यागी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित टिंकू उर्फ कालिया निवासी स्टेशन रोड, कुबेरपुर है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और 125 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पर पूर्व में सात मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई की जा चुकी है। उसे पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसआइ अमर मलिक, शिशुपाल सिंह और योगेश कुमार शामिल रहे। ससुरालियों पर बहू से मारपीट का आरोप
जागरण टीम, आगरा। ससुराल में बहू के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। नगला खंगर, फीरोजाबाद निवासी कुमर सिंह ने थाना पिनाहट में दी तहरीर में लिखा है कि उसकी बहन प्रियंका का विवाह एक वर्ष पूर्व पिनाहट के ट्यूबवेल पुरा गांव में हुआ थ। आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालीजन बहन प्रियंका को तंग कर रहे थे। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी। 19 जून की रात को उन्होंने मारपीट की। प्रियंका को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। चोरी गई बाइक बरामद, युवक गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। बाह में जैतपुर कस्बा के कचौरा रोड से दो दिन पहले चोरी हुई बाइक को रविवार को पुलिस ने बरामद कर लिया। बाइक चोर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक बाइक चोर कार्तिक है। वह इटावा रोड पर बाइक के साथ था। पुलिस के मुताबिक वही बाइक चोरी कर उसे ठिकाने लगाने ले जा रहा था। दो के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई
जागरण टीम, आगरा। निबोहरा पुलिस ने मारपीट के दो आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। एसओ निबोहरा सूरज प्रसाद के मुताबिक आरोपितों में वीरेंद्र और भाव सिंह निवासी बबूलखाना, मौजा नगरिया, निबोहरा हैं। मिल्खा सिंह को दी श्रद्धांजलि
जागरण टीम, आगरा। मशहूर धावक रहे सरदार मिल्खा सिह के निधन पर रविवार को बाह के जरार में श्रद्धांजलि सभा हुई। यहां कोविड नियमों का पालन करते हुए मिल्खा सिंह को याद किया गया। धाविका अंबिका वर्मा, बबलू यादव, राहुल शर्मा, ध्रुव तोमर आदि ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।