आगरा देहात की संक्षेप खबरें
एत्मादपुर में विहिप ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा
जागरण टीम, आगरा। अटल गोसेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी बीते रविवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिलने पहुंचे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को बटेश्वर तीर्थ के महत्व और अटल गोसेवा के कार्यो की जानकारी दी। ट्रस्ट के संरक्षक सतेंद्र बरूआ के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने उनसे औपचारिक बातचीत में गोसेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। राज्यपाल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव के बारे में जानकारी ली। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें बटेश्वर आने का निमंत्रण दिया। उनसे मिलने वालों में प्रदीप चौहान, नितेश मोहनिया, रमन ठाकुर आदि शामिल रहे। देसी शराब की बिक्री करती महिला गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। घर के पास देसी शराब की बिक्री करती महिला को फतेहाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई महिला राधा देवी पत्नी यशपाल सिंह निवासी कसियाई, फतेहाबाद है। वह रविवार को घर के बाहर देसी शराब की बिक्री कर रही थी। उसके कब्जे से पुलिस को 28 क्वाटर बरामद हुए हैं। खेत से पशुओं का चारा लेने गई युवती से छेड़छाड़
जागरण टीम, आगरा। खेत से पशुओं का चारा लेने गई युवती को गांव के ही युवक ने दबोच लिया। उससे छेड़छाड़ की गई। चीखपुकार पर आरोपित भाग निकला। युवती ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बाह पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है। निबोहरा पुलिस ने तीन वांछित आरोपितों को किया गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। दहेज अधिनियम में वांछित तीन आरोपितों को निबोहरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों में बबलू, नरेंद्र और जयप्रकाश निवासी विश्वास पार्क, उत्तम नगर, दिल्ली हैं। उनकी गिरफ्तारी को पुलिस की एक टीम को दिल्ली भेजा गया था। वहीं से उन्हें पकड़ा जा सका। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के विरुद्ध दहेज अधिनियम, हत्या की कोशिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। चित्राहाट पुलिस ने वारंटी को किया गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। वन विभाग की लकड़ी की चोरी के मामले में वारंटी श्याम करण निवासी जाखंड, बलरई को चित्राहाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी हो चुका है। कुत्तों ने मोर को मार डाला
जागरण टीम, आगरा। बरहन के नगला फूटरा में सोमवार को कुत्तों ने राष्ट्रीय पक्षी मोर को नोच-नोचकर मार डाला। ग्रामीण उसे बचाने के लिए दौड़े भी लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।