आगरा देहात की संक्षेप खबरें
किरावली क्षेत्र में शस्त्र पूजन कर लिया समाज की सुरक्षा का संकल्प
जेएनएन, आगरा। पैंठ गली में करणी सेना के नेता जीते ठाकुर और जगदीश सिकरवार के नेतृत्व में शस्त्र पूजन किया गया। आगरा में क्षत्रिय समाज की संगीता राजावत की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया गया। जीते ठाकुर ने कहा कि समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है लेकिन आज भी समाज को एससीए एसटी एक्ट का दंश झेलना पड़ रहा है।आरपी परमार, बीपी ठाकुर, रामखिलाड़ी सिंह, महेश सिसौदिया, सुनील सिसौदिया, अमित सिंह, शैलेंद्र परमार, सतीश बंसल, रोहित बंसल, अंशुल, गौरव, विशाल, यदुवीर आदि मौजूद रहे।
पिनाहट:गाव देवगण में आरएसएस के पदाधिकारियों ने शस्त्र पूजन किया। इस दौरान जिला बौद्धिक प्रमुख योगेंद्र सिंह, हरेंद्र, सनी सिकरवार, सत्यनारायण, राजकुमार परिहार आदि मौजूद रहे। हरा पेड़ जलाने के विवाद में चले लाठी-डंडे, चार घायल
पिनाहट: खेत की मेड़ पर हरा पेड़ जलाने के विरोध में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। पुलिस ने चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दो को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। पिढ़ौरा के गांव बरपुरा निवासी कमल सिंह के मुताबिक सोमवार सुबह पड़ोसी अजय सिंह अपनी मां के साथ खेत की मेड़ पर हरा पेड़ जला रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में अजय सिंह, उनकी मां रामादेवी, कलम सिंह और उनका बेटा ओमकार सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। कमल सिंह और ओमकार की हालत नाजुक होने पर उन्हें आगरा रेफर किया गया है। गृहक्लेश से तंग महिला ने खाया विषाक्त
पिनाहट: गृहक्लेश से तंग महिला ने विषाक्त खाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि स्वजन की सतर्कता के चलते उसे बचा लिया गया। विप्रावली निवासी अजंता देवी ने सोमवार को घर में हुए झगड़े के बाद विषाक्त खा लिया। हालत बिगड़ते देख स्वजन तत्काल उन्हें सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर कर दिया। स्वजन के मुताबिक अजंता देवी की हालत में अब सुधार है। खेलकूद के मैदान पर बन गया मकान, मुकदमा दर्ज
खेरागढ़: भिलावली गांव में खेलकूद के मैदान के नाम दर्ज भूमि पर मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया। एसडीएम और तहसीलदार ने कब्जाधारक के खिलाफ राजस्व की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम के मुताबिक यह आरोप राजवीर पर है। थाना खेरागढ़ में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, घरेलू सामान जला
फतेहपुर सीकरी: नाजिरपुरा गांव में शार्ट सर्किट से पारीक चंद के मकान में आग लग गई। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल चलाकर बमुश्किल काबू पाया। आग में ग्रामीण का खानपान का सामान, कपड़े और अन्य कीमती सामान जल गया। सूचना पर लेखपाल रामबाबू ने मौके का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की है। इधर, ग्रामीणों ने पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है। छत से गिरे बुजुर्ग ही हालत गंभीर
पिनाहट: छत से गिरकर बुजुर्ग घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। कुकथरी निवासी 60 वर्षीय कोमल सोमवार सुबह आठ बजे छत पर थे। अचानक पैर फिसलने से नीचे आ गए। स्वजन उन्हें सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। युवक के सिर में डंडा मार फरार हुआ चालक
बाह: रास्ते के विवाद में सिर में डंडा लगने से युवक घायल हो गया। मक्खनपुर, फीरोजाबाद के नगला केशो निवासी अवधेश कुमार सोमवार को स्वजन के साथ बटेश्वर आ रहे थे। रास्ते में खड़ी कार को हटाने को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने उनके सिर में डंडा मार दिया। स्वजन ने अवधेश को सीएचसी में भर्ती कराया है। आग में जले करब के 300 गट्ठर
बाह: चित्राहाट के सूरज नगर निवासी सुंदर शर्मा के मकान के सामने रखे उनके करब के 300 गट्ठरों में सोमवार शाम को आग लग गई। दमकल की गाड़ी पहुंची, तब तक गट्ठर जल चुके थे। बटेश्वर मंदिर से स्कूटी चोरी
बाह: मुहल्ला गढ़ा पचौरी निवासी अशोक कुमार की स्कूटी सोमवार सुबह बटेश्वर मंदिर से चोरी हो गई। उन्होंने इसे मंदिर परिसर के पास खड़ा किया था। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।