Police Encounter in Agra: आगरा में देर रात बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, छह गिरफ्तार
Police Encounter in Agra सदर के रोहता में हुई मुठभेड़ दो बदमाश घायल। एक सिपाही के हाथ में लगी गोली अस्पताल में भर्ती। ताजगंज और सदर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसको देखते हुए सदर पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में लगी थी।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में चोरी की घटनाएं करने वाला राममोहन गैंग सक्रिय था। बुधवार देर रात इस गैंग से सदर क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दो बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उनके चार साथी और पकड़े गए हैं। जबकि दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। मुठभेड़ में एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि ताजगंज और सदर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसको देखते हुए सदर पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में लगी थी। बुधवार को पुलिस काे गैंग के रोहता के पास मूवमेंट की सूचना मिली। पुलिस ने रात 1.30 बजे रोहता के पास चेकिंग शुरू कर दी। तभी बाइक सवार बदमाश वहां होकर गुजर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें गैंग के सरगना राममोहन और उसके साथी सुनील के पैर में गोली लग गई। दोनों को पुलिस ने अस्पताल भेज दिया। बदमाशों की गोली से घायल सिपाही महेश को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके चार साथियों को और गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि बदमाशों के दो साथी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार बदमाशों से चार तमंचे, बाइक व अन्य सामान बरामद हुआ है। अभी पुलिस उनसे चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। एसपी सिटी ने बताया कि राममोहन के खिलाफ चोरी, लूट और हत्या के करीब दर्जनभर से अधिक मुकदमे हैं। यह गैंग सदर और ताजगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं कर रहा था। बुधवार रात को यह गैंग रोहता में डकैती की साजिश रच रहा था। तब तक पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली और बदमाश दबोच लिए गए। अभी बदमाशों से घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार बदमाशों के अपराधिक इतिहास की भी जानकारी की जा रही है।