सिंगल यूज प्लास्टिक होने जा रही है बंद, एक जुलाई से थर्मोकोल समेत ये 18 आइटम हो जाएंगे प्रतिबंधित
आगरा में बुधवार से शुरू हुए पांच दिवसीय अभियान में लोगों को किया जाएगा जागरूक। एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर लगेगी रोक। केक के साथ आने वाले चाकू और जूस के साथ मिलने वाले स्ट्रा पर लगने जा रही है रोक।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान "रेस'''' (रिडक्शन, अवेयरनेस सर्कुलर (सोल्यूशंस) एंड (मास) इंगेजमेंट) की शुरुआत बुधवार से हो चुकी है। पांच दिवसीय अभियान की थीम हर दिन के लिए अलग-अलग तय की गई है।
इसमें सिंगल यूज प्लास्टिक का यूज न करने को महाशपथ दिलाने के साथ जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। सफाई अभियान, प्रदर्शनी, ईकाे मेले का आयोजन और स्वयंसेवी संस्थाओं व ग्रीन हीरोज का सम्मान किया जाएगा।
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने पर्यावरण के लिए संकट बनती सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने को पिछले वर्ष 21 अगस्त को अधिसूचना जारी की थी। चरणबद्ध कार्य योजना के तहत एक जुलाई से पालीस्टायरीन (सजावट को थर्मोकोल) और विस्तारित पालीस्टायरीन समेत सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया जाना है।
उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रभारी क्षेत्रीय अधिकारी डा. विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि जागरूकता अभियान के बाद प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह है थीम
29 जून: माई प्लास्टिक फ्री लाइफ।
30 जून: थ्री आर-रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल।
एक जुलाई: प्लास्टिक फ्री जोन की लांचिंग।
दो जुलाई: घाट है तो ठाठ है।
तीन जुलाई: स्वच्छता से सम्मान।
यह सामान होंगे प्रतिबंधित
-प्लास्टिक की छड़ युक्त ईयर बड्स
− गुब्बारे
− आइसक्रीम स्टिक
− प्लास्टिक के झंडे
− कैंडी की छड़ें
− पालीस्टायरीन (सजावट को थर्मोकोल)।
- प्लास्टिक की प्लेट, कप, गिलास, कांटे, चम्मच, चाकू, स्ट्रा, ट्रे, मिठाई के डिब्बे, निमंत्रण कार्ड व सिगरेट के पैकेट की रैपिंग या पैकिंग फिल्म।
- 100 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक या पीवीसी बैनर।