Move to Jagran APP

सिंगल यूज प्लास्टिक बैन, कासगंज में बर्तन-थैला बैंक की स्थापना, मैनपुरी में चला अभियान, पढ़ें आगरा मंडल का हाल

पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने पर्यावरण के लिए संकट बनती सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने को पिछले वर्ष 21 अगस्त को अधिसूचना जारी की थी। चरणबद्ध कार्य योजना के तहत एक जुलाई से पालीस्टायरीन और विस्तारित पालीस्टायरीन समेत सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित किया जाना है।

By Abhishek SaxenaEdited By: Published: Fri, 01 Jul 2022 03:08 PM (IST)Updated: Fri, 01 Jul 2022 03:08 PM (IST)
सिंगल यूज प्लास्टिक बैन, कासगंज में बर्तन-थैला बैंक की स्थापना, मैनपुरी में चला अभियान, पढ़ें आगरा मंडल का हाल
कासगंज में जागरुकता कार्यक्रम, सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पालीथिन के लिए पालिका ने जारी की गाइड लाइन

आगरा, जागरण टीम। आज से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध कर दिया गया है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

loksabha election banner

कासगंज

सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पालिथीन को लेकर जिले में जागरुकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। नगर पालिका ने बर्तन और थैला बैंक की स्थापना की है तथा इसके प्रतिबंध के लिए गाइड लाइन जारी की है। जिले में शुक्रवार को सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पालिथीन के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शपथ ग्रहण कराई गई और रैली निकालकर लोगों को जागरुक किया गया।

बर्तन बैंक में बढ़ाया दायरा

कासगंज नगर पालिका ने लोगों को जागरुक करने के लिए थैला बैंक और बर्तन बैंक की स्थापना की है। अधिशाषी अधिकारी संतराम सरोज ने बताया कि बर्तन बैंक में को फिलहाल स्टील के 150 भोजन थाल, 150 गिलास और इतनी ही चम्मच के शुरू किया गया है। इसका दायरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बैंक से लोग अपनी जरुरत के मुताबिक निश्शुल्क बर्तनों को लेकर उपयोग करने के बाद इन्हें वापस बैंक में जमा करा सकेंगे। इस बैंक में समाजसेवी अपना योगदान दे सकते हैं। बर्तन और थैले दान कर सकते हैं।

जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पालिथीन का प्रयोग, बिक्री एवं निर्माण सख्ती के साथ रोका जाएगा। निकायों को जिम्मेदारी दी गई है। - हर्षिता माथुर, डीएम

मैनपुरी शहर और कस्बों से एकत्र की गई पालीथिन

सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बाद मैनपुरी शहर और कस्बों में जागरूकता के बाद शुक्रवार को एकत्रीकरण अभियान चला। प्रशासनिक और निकाय अधिकारियों ने बाजारों में दुकानदारों से प्रतिबंध की गई पालीथिन को स्वेच्छा से जमा करने को कहा गया, इसके बाद करीब पांच कुंतल पालीथिन जमा हो गई। रैली और शपथ आयोजन के बाद शुक्रवार को शहर और कस्बों में एक और पहल हुई। एसडीएम और निकायों के अधिशासी अधिकारी बाजाराें में निकले। दुकानदारों को स्वेच्छा से प्रतिबंध पालीथिन जमा करने को कहा तो इसका असर भी हुआ। नगर पालिका और नगर पंचायतों में करीब पांच कुंतल पालीथिन एकत्र हो गई।

व्यापारियों का ये है कहना

शहर के लेनगंज स्थित जनरल स्टोर के संचालक आदेश जैन का कहना है कि प्रतिबंध से पहले शासन- प्रशासन ने समय दिया। अब इसके दुष्परिणाम समझने होंगे। सिंगल यूज पालीथिन का चलन से बाहर होना पर्यावरण के लिए जरूरी है। अब इसके लिए अन्य विकल्प तलाश जाएंगे। इसी बाजार के सन्नी जैन का कहना है कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बाद ग्राहकों को भी थैला लेकर चलने की आदत बनानी होगी। पालीथिन के चलन से पहले खाद्य सामग्री कागज के खोखों में दी जाती थी। अब ऐसा ही विकल्प अपनाना होगा।

अधिकारी बोले, सख्ती से चलेगा अभियान

एडीएम रामजी मिश्र ने बताया कि शनिवार को शहर और कस्बों में तालाब, सार्वजनिक स्थानों और नहर किनारों के आसपास से पालीथिन को एकत्र किया जाएगा। एकत्र और संग्रहित पालीथिन को नगर पालिका के पास जमा कराया जाएगा, जहां से इसे आगरा नगर निगम भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार को जिला मुख्यालय पर ईको मेला आयोजित होगा। इसके बाद प्रशासन प्रतिबंधित पालीथिन रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाएगा।

फिरोजाबाद

केंद्र सरकार ने प्लास्टिक के झंडे सहित 19 आइटम एक जुलाई से प्रतिबंधित कर दिए हैं। अब लोग प्लास्टिक का प्रयोग ना करें, इसके लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। तीन जुलाई के बाद शासन द्वारा निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक बिक्री ब प्रयोग करने वालों पर एक हजार से लेकर 25 हजार तक जुर्माना लगाया जाएगा। सभी शहर वासियों से अपील है कि शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए अपना सहयोग दें। - दलवीर सिंह, जोनल सेनेटरी ऑफिसर, नगर निगम फिरोजाबाद। 

मथुरा में 225 किलो पॉलीथिन एकत्र, चार हजार जुर्माना

मथुरा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई कर रहा है साथ ही जागरूकता अभियान भी चला रहा है । 29 जून से 3 जुलाई तक अभियान चलाया जा रहा है। इसमें अब तक 225 किलो पॉलीथिन एकत्र की गई है। चार दुकानदारों का आज चालान किया गया और चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।

नगर निगम लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए स्कूली बच्चों से रैली निकलवा रहा है। इसके अलावा सफाई कर्मचारी भी जागरुकता रैली निकाल रहे हैं। हालांकि सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल अभी बंद नहीं किया गया है। ठेल ढकेल पर अभी भी पॉलीथिन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

व्यापारियों ने भी इसे लेकर जागरुकता अभियान चलाया है। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के वरिष्ठ मंत्री शशिभानु गर्ग ने बताया कि उनके संगठन ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का पूरा समर्थन किया है। व्यापारी भी इसे लेकर जागरूक हो रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.