सरकार, सिविल एन्कलेव की शिफ्टिंग ताज संरक्षण प्रयासों के है अनुकूल Agra News
सिविल सोसायटी ने रखा अपना पक्ष। सर्वोच्च न्यायालय में एमसी मेहता का विरोध समक्ष से परे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा सिविल सोसायटी ने सर्वोच्च न्यायालय में एमसी मेहता के द्वारा आगरा में सिविल एन्कलेव के स्थान परिवर्तन को लेकर की गयी आपत्ति पर कड़ा एतराज जताया है। सोसायटी पदाधिकारियों ने कोर्ट में तथ्यपरक जानकारियां रखे जाने की अपेक्षा सरकारी वकील से की है।
सोसायटी सचिव अनिल शर्मा ने संगठन कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए अधिकारियों से सवाल किया पता नहीं कि श्री मेहता सिविल एन्कलेव के स्थान परिवर्तन का विरोध क्यों है? सिविल एन्केलव का एयरफोर्स स्टेशन के परिसर से बाहर होना पुराने समय से चली रही जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सिविल एन्कलेव से लैंडिग और टेक ऑफ करने वाले हवाई जहाज तक पहुंचने वालों की तो खेरिया एयरपोर्ट के अर्जुन नगर गेट पर जांच होती है पर अन्य स्थानों पर जांच के नाम पर औपचारिकता होती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और ताज ट्रिपेजियम जोन कमेटी के वकीलों को कोर्ट के समक्ष हकीकत बतानी चाहिए। कोर्ट को बताना चाहिए कि जहां सिविल एन्कलेव शिफ्ट हो रहा है वहां से ताजमहल की एरियल दूरी दस किलोमीटर है। इस प्रकार शिफ्टिंग ताजमहल आसपास पर्यावरण के अधिक अनुकूल है। श्री शर्मा ने सोसाइटी के सभी तथ्य तथा एमसी मेहता द्वारा आपत्तियों को जिलाधिकारी आगरा, अध्यक्ष ताज ट्रिपेजियम जोन प्राधिकरण के सदस्यों और उप्र शासन को प्रेषित किया है, ताकि वाद सुनवायी के दौरान सरकारी अधिवक्ता अपना पक्ष दमदारी के साथ रख सके।