Agra Lockdown Update Part 2: अस्थाई जेल में भेजे गए सात आरोपित
एमडी जैन इंटर कॉलेज में बनायी गयी है अस्थायी जेल। जिला जेल से सात आरोपित और एक विचारधीन बंदी रिहा।
आगरा, जागरण संवाददाता। लॉकडाउन में नियमों का उल्लंघन करने वालों को अस्थायी जेल में बंद किया जाना शुरू हो गया है। हरीपर्वत चौराहे के पास एमडी जैन इंटर कॉलेज में बनायी गयी अस्थायी जेल में बुधवार को सात आरोपितों को निरुद्ध किया गया। जिला जेल से बुधवार को एक विचाराधीन समेत सात बंदियों को रिहा किया गया।
जिला जेल में निरुद्ध बंदियों में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मुलाकात बंद है। गंभीर मामलों में गिरफ्तार आरोपितों को रखने के लिए डीएम ने एमडी जैन इंटर कॉलेज को अस्थायी जेल बनाया है। एसीएम प्रथम को जेल अधीक्षक का प्रभार दिया है। सोमवार को अस्थायी जेल परिसर को सेनिटाइज कराया गया था।
मंगलवार को डीआइजी जेल लव कुमार और एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने इसकी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। बुधवार को अस्थायी जेल में सदर में चांदी कारखाने में चोरी के पांच आरोपितों को भेजा गया। इसके अलावा एक छेड़छाड़ और दूसरा दहेज उत्पीडऩ का आरोपित है।
उधर, जिला जेल में निरुद्ध सात आरोपितों को रिहा कर दिया गया। इन सभी की जमानत 15 मार्च के बाद हुई थी। इसके चलते यह जमानतनामा दाखिल नहीं कर सके थे। ऐसे बंदियों के मामले में हाईकोर्ट ने आदेश दिए थे। वहीं एक विचाराधीन बंदी को भी आठ सप्ताह की अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया।
संस्था ने बंदियों के लिए दी सब्जियां
जिला जेल में मानव सेवा परमोधर्म संंस्था की ओर से बंदियों के लिए सब्जियां उपलब्ध कराईं। इनमें 20 कुंतल काशीफल, 50 किलो टमाटर और 25 किलो मिर्च दी गईं। संस्था के अध्यक्ष अजय अवागढ़ ने इससे पहले बंदियों और महिला बंदियों के बच्चों को बिस्कुट और नमकीन के पैकेट उपलब्ध कराए थे।