खंदारी चौराहा से आइएसबीटी फ्लाईओवर की सर्विस रोड बंद
रांग साइड से वाहनों के गुजरने से लगा जाम एनएचएआइ मथुरा खंड ने नहीं लगाए कर्मचारी दो सप्ताह तक बंद रहेगी सर्विस रोड चौराहे पर नहीं लगाया गया साइनेज लोगों को नहीं दी गई जानकारी वैकल्पिक रास्ता भी नहीं कराया मुहैया
आगरा, जागरण संवाददाता। खंदारी चौराहा से आइएसबीटी फ्लाईओवर की पहली लेन को जोड़ने वाली सर्विस रोड मंगलवार को बंद कर दी गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड की टीम ने मरम्मत के चलते दो सप्ताह की अवधि के लिए सर्विस रोड बंद की है। दूरी तय करने के लिए वाहन चालक विपरीत दिशा से गुजर रहे हैं। इसके चलते जाम लग रहा है। वहीं एनएचएआइ मथुरा खंड ने कर्मचारियों की अलग से तैनाती नहीं की है। खंदारी चौराहा से आइएसबीटी फ्लाईओवर की सर्विस रोड बंद होने की जानकारी भी नहीं दी गई। इसके साथ ही वैकल्पिक रास्ता भी नहीं मुहैया कराया गया है।
ढाई साल पहले आइएसबीटी फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हुआ था। दो सप्ताह पूर्व भगवान टाकीज से सिकंदरा की लेन को चालू किया गया था। खंदारी चौराहा की सर्विस रोड से वाहन चालक आसानी से फ्लाईओवर की पहली लेन तक पहुंच जाते थे, लेकिन मरम्मत के चलते एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम ने सर्विस रोड को बंद कर दिया है। इससे वाहन चालकों को अब सिकंदरा से खंदारी सर्विस रोड की तरफ आना पड़ रहा है। इस रोड पर पहले से ही अधिक वाहनों के आवागमन का दबाव है। इसके अलावा रोड और फुटपाथ पर अतिक्रमण है। मंगलवार को पूरे दिन सिकंदरा से खंदारी की सर्विस रोड पर जाम लगा रहा। वहीं जाम खुलवाने के लिए एनएचएआइ टीम की तरफ से कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई। न ही खंदारी चौराहे पर कोई साइनेज लगाया गया है। - खंदारी चौराहा से आइएसबीटी फ्लाईओवर की सर्विस रोड बंद होने की जानकारी लोगों को नहीं दी गई। न ही कोई वैकल्पिक रास्ता दिया गया है। बापू नगर रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
मुकेश यादव, ककरैठा - एनएचएआइ मथुरा खंड के अफसरों की मनमानी से सैकड़ों लोग परेशान हो रहे हैं। विपरीत दिशा से गुजरना पड़ रहा है।
गजेंद्र सिंह, गुरुराम दास नगर
--
- एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम को जगह-जगह साइनेज लगाने चाहिए। इससे सर्विस रोड के बंद होने की जानकारी मिल सके। रोड के सामने पहुंचने पर पता चलता है कि यह बंद है।
अमित उपाध्याय, नीरज नगर