Kisan Andolan: घर बैठकर ही किसान आंदोलन कर समर्थन कर रहे बसपाई
Kisan Andolan समर्थन की दौड़ में आगे निकलने सपाई कई जगह कर चुके अब तक प्रदर्शन। बीते 8 दिसंबर को विपक्ष के अधिकांश राजनीतिक दलों ने भारत बंद का एलान किया। साथ ही किसानों के आंदोलन का समर्थन किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। नये कृषि कानूनों को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाजपार्टी सहित तमाम राजनीतिक संगठनों ने किसानों का समर्थन किया है। मगर, ताजनगरी में अब तक सिर्फ समाजवादी पार्टी का ही समर्थन धरातल पर नजर आया है। बसपा कार्यकर्ता घर बैठकर ही समर्थन का एलान कर रहे हैं।
बीते 8 दिसंबर को विपक्ष के अधिकांश राजनीतिक दलों ने भारत बंद का एलान किया। साथ ही किसानों के आंदोलन का समर्थन किया। सपा, आम आदमी पार्टी के तमाम कार्यकर्ता सड़कों की ओर निकले। उन्हें पुलिस ने या तो नजरबंद कर दिया या फिर रोक दिया। मगर, बसपा नेता अपने घर ही बैठे रहे। समर्थन देने के लिए कोई सड़क पर नजर नहीं आया। इसके लिए पुलिस को भी ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। जबकि सपाई न सिर्फ 8 दिसंबर को बल्कि 9 दिसंबर को भी पैदल मार्च को सड़कों पर निकले बल्कि वह पुलिस को चकमा देकर अपने मकसद में भी कामयाब रहे। बता दें कि आगरा को दलितों की राजधानी कहा जाता है। पूर्व के विधानसभा चुनाव में बसपा यहां की 9 विधानसीटाें में से 6 सीटें जीत चुकी है। शहर और देहात की अधिकांश सीटों पर उसका दखल रहता है। इसके बावजूद बसपा की ताजनगरी में सक्रियता कम नजर आ रही है। इधर, सपा ग्रामीणों के बीच पहुंचने के हर संभव प्रयास कर रही है।