Kisan Andolan: आगरा में प्रदर्शन से पहले सपा नेताओं के यहां पुलिस का पहरा
Kisan Andolan आगरा जिला इकाई को कलक्ट्रेट और महानगर इकाई को सदर तहसील पर धरना प्रदर्शन करना है। सपा नेता जब तक अपने-अपने घरों से निकल पाते उससे पहले ही पुलिस ने उनके यहां डेरा डाल दिया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। किसान आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरने से पहले ही कई सपा नेताओं के यहां पुलिस ने सोमवार सुबह से ही डेरा डाल दिया है। उन्हें प्रदर्शन के लिए नहीं निकलने दिया जा रहा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत समाजवादी पार्टी का 14 दिसंबर को कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन प्रस्तावित है। जिला इकाई को कलक्ट्रेट और महानगर इकाई को सदर तहसील पर धरना प्रदर्शन करना है। सपा नेता जब तक अपने-अपने घरों से निकल पाते, उससे पहले ही पुलिस ने उनके यहां डेरा डाल दिया है। महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार का कहना है कि भाजपा सरकार में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। किसानों की समस्या को नहीं उठाने दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का उत्पीड़न करने में लगी है। विपक्ष जब उनके हक की आवाज बुलंद करना चाहता है तो सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर उसे दबा रही है। जिला महासचिव शिवराम यादव का कहना है कि भाजपा सरकार किसानों की हितैषी नहीं है। नये कानून लगाकर सरकार ने चंद बड़े घरानों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल ने कहा कि सरकार चाहे कितना भी उत्पीड़न कर ले लेकिन समाजवादी लोग दबने वाले नहीं हैं। वह किसानों की आवाज उठाएंगे।
प्रदर्शन में भी पार्टी दो फाड़
सपा में अंदरूनी रार थमने का नाम नहीं ले रही है। नेतृत्व ने किसानों के समर्थन में एक प्रदर्शन करने के निर्देश दिए थे। जबकि ताजनगरी में जिला और महानगर इकाई, दोनों ने अपने-अपने अलग-अलग कार्यक्रम रख लिए। जिला इकाई कलक्ट्रेट और महानगर इकाई सदर तहसील पर प्रदर्शन कर रही है।