Tiranga Sankalp Yatra: आप की तिरंगा संकल्प यात्रा का ऐन वक्त पर बदला रूट, प्रशासन ने नहीं दी मंटोला से गुजरने की अनुमति
Tiranga Sankalp Yatra आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए तिरंगा संकल्प यात्रा के जरिये आप ताजनगरी में अपनी चुनावी जमीन तैयार करने की कवायद कर रही है। पार्टी इस बार जिले की कई विधानसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी उतार सकती है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा प्रशासन ने आम आदमी पार्टी (आप) की तिरंगा संकल्प यात्रा को मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मंटोला से गुजरने की अनुमति नहीं दी है। इसके चलते ऐन वक्त पर पार्टी को अपनी यात्रा का रूट बदलना पड़ा है। अब यह यात्रा जीआईसी मैदान से शुरू होकर एमजी रोड हाेते हुए संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक तक निकलेगी। थोड़ी देर में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया व उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह आगरा पहुंचने वाले हैं।
शनिवार को आप के प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल ने बताया था कि तिरंगा संकल्प यात्रा 29 अगस्त को दोपहर तीन बजे जीआईसी मैदान से शुरू होगी। यहां से एमजी रोड, सुभाष पार्क, धाकरान, सदर भट्टी होते हुए बिजलीघर स्थित आंबेडकर पार्क पर यात्रा समाप्त होगी। मीडिया प्रभारी अनमोल बंसल का कहना है कि प्रशासन ने इस रूट पर यात्रा को अनुमति नहीं दी है। इसलिए अब यह यात्रा जीआईसी मैदान से शुरू होकर पचकुइयां, राजामंडी, सेंट जोंस, हरीपर्वत होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंचेगी। दोपहर तीन बजे जीआईसी मैदान से यह यात्रा शुरू होगी। अनमोल बंसल ने बताया कि प्रशासन ने नये रूट पर यात्रा निकालने की अनुमति दे दी है। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए तिरंगा संकल्प यात्रा के जरिये आप ताजनगरी में अपनी चुनावी जमीन तैयार करने की कवायद कर रही है। पार्टी इस बार जिले की कई विधानसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी उतार सकती है।