ताज के रास्तों को दमकाएंगे 5.52 करोड़
आगरा(जागरण संवाददाता): दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताज के साथ उसके रास्ते भी सैलानियों को लुभाएंग
आगरा(जागरण संवाददाता): दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताज के साथ उसके रास्ते भी सैलानियों को लुभाएंगे। ताज के पूर्वी व पश्चिमी गेट के रास्तों पर ट्री प्रूनिंग करने के साथ पेड़ों को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग किया जाएगा। यहां सड़क किनारे दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग सैलानियों को लुभाएंगी। स्मार्ट सिटी योजना में इस काम की शुरुआत जून से हो जाएगी।
आगरा स्मार्ट सिटी योजना में ट्री प्रूनिंग और इल्यूमिनेशन प्रोजेक्ट को ई-टेंडर किया जा चुका है। इसके लिए ताज के पूर्वी व पश्चिमी गेट के समीप 1150 पेड़ों का चयन किया गया है। कटाई-छंटाई कर उन्हें आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इन पर रंग-बिरंगी फोकस लाइट लगाकर रोशनी की जाएगी। क्षेत्र में लगी बड़ी प्रतिमाओं को संवारने के साथ रोशनी से जगमग किया जाएगा। साइनेज बोर्ड पर लाइटिंग की जाएगी, जिससे रात के समय उन्हें पर्यटक पढ़ सकें। यहां सड़क के किनारे स्थित दीवारों पर भारतीय संस्कृति व इतिहास की झलक दिखाती आकर्षक वॉल पेंटिंग की जाएगी। ताज के आसपास स्मार्ट सिटी योजना में बनने वाले सुंदर फुटपाथ पर पर्यटकों के बैठने की भी व्यवस्था होगी। इस पर करीब 5.52 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके टेंडर किए जा चुके हैं। जून से काम की शुरुआत होगी। वर्ष के अंत तक इस काम को पूरा करने की रूपरेखा तय की गई है।
मेयर नवीन जैन ने बताया कि आगरा में पर्यटकों के रात्रि प्रवास को बढ़ावा देने को योजना तैयार की गई है। सुंदरीकरण का काम वर्ष के अंत तक हो जाएगा। रात में ताज के पास घूमते पर्यटक जब सुंदर सड़कें, रंग-बिरंगी रोशनी में जगमग पार्क, मूर्तियां व पेड़-पौधे देखेंगे तो ताज के साथ आगरा की भी तारीफ करेंगे।