RIP Mohit Baghel: सलमान की फिल्म के 'छोटे अमर चौधरी' का था ब्रज से ये खास कनैक्शन
2011 में आई फिल्म रेडी में किया था सलमान खान और आसिन के साथ काम। मथुरा में जन्मे थे मोहित बघेल। छह माह से चल रहा था कैंसर का इलाज।
आगरा, जेएनएन। छोटी सी उम्र में मायानगरी में अपने अभिनय का कमाल दिखाने वाले ब्रज के सितारे मोहित बघेल का निधन हो गया है। 27 वर्ष की उम्र में कैंसर से पीडि़त होने के कारण शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मथुरा के झींगुर पुरा में जन्मे मोहित ने शोबिज में अपने करियर की शुरुआत कॉमेडी शो छोटे मियां के साथ की थी। लेकिन वे लाइम लाइट में आए सलमान खान के साथ फिल्म रेडी में अभिनय करके। फिल्म में उन्होंने छोटे अमर चौधरी का किरदार किया था। इस किरदार के माध्यम से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। बताया जा रहा है कि वो पिछले एक साल से कैंसर की बीमारी से पीडि़त थे। पिता श्याम बघेल ने बताया कि शनिवार सुबह उनकी तबियत बिगड़ी तो इलाज के लिए मथुरा के नयति अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बचपन से ही थी अभिनय में रुचि
मोहित बघेल का जन्म 7 जून 1993 को मथुरा के झींगुर पुरा में हुआ था। उन्हें बचपन के दिनों से ही अभिनय में रुचि थी इसलिए उन्होंने स्कूल में नाटकों और वाद-विवाद में भाग लिया। उन्होंने 2011 में सलमान खान और आसिन के साथ फिल्म 'रेडी' के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्हें फिल्म 'उमा' में जिमी शेरगिल, संजय मिश्रा, ओम पुरी के साथ मुख्य भूमिका में भी देखा गया था। वहीं 2019 में मोहित परिणीति चोपड़ा और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म जबरिया जोड़ी में भी नजर आए थे। मोहित के निधन की जानकारी निर्माता निर्देशक राज शांडिल्य नेे ट्वीट कर दी थी। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। वहीं ब्रज की गलियों में भी अपने लाल को खोन का गम है।
कम समय में बना ली अपनी पहचान
मोहित बघेल के हुए अचानक निधन से हर कोई सदमे में हैैै। मोहित ने छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी पहचान बहुत ही कम समय में बना ली थी। यहां तक कि वह सलमान खान के साथ फिल्म 'रेडी' में भी स्क्रीन शेयर कर चुके थे। मोहित ने 'रेडी' में छोटे अमर चौधरी का दमदार किरदार निभाया था।