हीरो संजू बाबा के अंदाज में तीन रिवॉल्वर लगाकर घूमा था देवा
शहरभर में कई जगह हो रही थी चेकिंग पर पकड़ में नहीं आया शातिर, हर बार गढ़ देता था नई कहानी, हिरासत में मौत के बाद सख्ती करने से डर रही थी पुलिस
आगरा (जागरण संवाददाता): सिकंदरा थाने के शस्त्रागार से असलाह चोरी करने के बाद आरोपित देवा संजू बाबा (संजय दत्त) के अंदाज में तीन रिवॉल्वर लगाकर घूमा था। शहरभर में वह घूमता रहा। इसके बाद बस से मथुरा भी चला गया। मगर, सघन चेकिंग में भी वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को पूरी कहानी बताई।
मूलरूप से मप्र के बामौर में सुमावली निवासी रमेश उर्फ देवा अभिनेता संजय दत्त का प्रशंसक है। वास्तव फिल्म में उसने संजय दत्त को तीन पिस्टल लगाए हुए देखा था। तभी से उसके मन में उसी अंदाज में शहर में घूमने की थी। 22 नवंबर को उसने इसीलिए थाने के शस्त्रागार में रखी सात में से तीन रिवॉल्वर चोरी कीं। उनमें से दो कमर में पीछे लगाई ओर एक आगे की ओर लगा ली। सिकंदरा चौराहे पर स्थित मंदिर में जाकर उसने माथे पर लंबा टीका लगाया और ऑटो में बैठकर हरीपर्वत पहुंच गया। यहां से वापस घर आया और मथुरा चला गया। पकड़े जाने के बाद भी पुलिस को खूब छकाया। उसने पहली बार में कबूल लिया कि शस्त्रागार से उसी ने चोरी की थी। मगर, बरामदगी से पहले वह कहने लगा कि एक ऑटो वाला उससे असलाह ले गया। सिकंदरा चौराहे पर पुलिस को ले जाकर एक को पकड़वा लिया। उसे थाने लाया गया। पुलिस ने देवा से उसका नाम पूछा तो वह नहीं बता सका। ऑटो वाले से उसका नाम पूछा तो उसने भी अनभिज्ञता जताई। और पूछताछ के बाद पुलिस ने ऑटो चालक को छोड़ दिया। अभी थाने में हिरासत में मौत का मामला शांत नहीं हुआ है। इसलिए पुलिस देवा से हाथ लगाने में भी डर रही थी। ऐसे में उससे प्यार से ही पुलिस ने पूछताछ कर बरामदगी की। इसके लिए भी वह पुलिस को कई स्थानों पर घुमाता रहा। बाद में घर के आटे के कट्टे से दो रिवॉल्वर निकालकर दे दी।
पत्रकार वार्ता के बाद भी बनाने लगा कहानी
देवा पत्रकार वार्ता के बाद भी अलग-अलग कहानी बता रहा था। एक बार उसने बताया कि पत्नी को डराने के लिए असलाह चोरी किए। दोबारा बताने लगा कि बच्चों को बरामद कराने को वह सिकंदरा थाने के चक्कर लगा रहा था। पुलिसकर्मी उससे कभी चाय पीते तो कभी बाइक में पेट्रोल डलवाते थे। मगर, कभी मदद नहीं की। कुछ दिन पहले एक सिपाही ने धमका दिया। उन्हें सबक सिखाने को ही चोरी की। थोड़ी देर बाद कहने लगा कि उसने चोरी नहीं की। दरवाजा खुला था। ऐसे में जेब में रखकर वह चला गया। पुलिसकर्मी लापरवाह थे। अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं कर रहे थे।
दो साल से अलग रह रही है पत्नी
देवा की शादी सोनी से 12 साल पहले हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी है। दो साल पहले पत्नी उसे छोड़कर बच्चों को लेकर चली गई। वह सिकंदरा क्षेत्र में सर्वेश के साथ रहती है। देवा अपनी मां के साथ कैलाश मोड़ पर किराए के मकान में रहता था।