Suicide Case in Agra: आगरा में भारतीय खाद्य निगम के सेवानिवृत्त वरिष्ठ विपणन सहायक ने खुद को मारी गोली
Suicide Case in Agra सदर के नगला टेकचंद क्षेत्र की घटना। 67 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर की खुदकुशी। स्वजन ने नहीं बता सके कारण। पुलिस को गृह क्लेश के चलते खुदकुशी की आशंका।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में थाना सदर क्षेत्र के नगला टेकचंद में बुधवार को भारतीय खाद्य निगम के सेवानिवृत्त वरिष्ठ विपणन सहायक ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस को स्वजन खुदकुशी का कारण नहीं बता सके। पुलिस को खुदकुशी की घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका है।
सदर के देवरी रोड स्थित नगला टेक चंद निवासी मानिकचंद (67 वर्ष) भारतीय खाद्य निगम के वरिष्ठ विपणन सहायक पद से सेवानिवृ़त्त हुए थे। मानिक चंद के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुत्रियों की शादी हो चुकी है। स्वजन ने पुलिस को बताया कि बुधवार को तीसरे पहर घर में मानिकचंद के अलावा पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र लाखन, पुत्र दीपक की पत्नी और बच्चे मौजूद थे। दीपक काम पर गया हुआ था।
इंस्पेक्टर सदर जितेंद्र कुमार ने बताया तीसरे पहर दोपहर दो बजे मानिकचंद टीवी देखने के बाद मकान की छत पर चले गए। करीब तीन बजे गोली चलने की आवाज आने पर पुत्र लाखन भागकर छत पर गया। वहां चारपाई पर पिता का शव देख उसके होश उड़ गए। उनकी लाइसेंसी बंदूक पास में पड़ी हुई थी। मानिकचंद ने बंदूक की नाल को ठोड़ी से सटाकर खुद को गोली मारी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बस्ती के लोग मौके पर जुट गए।स्वजन से पूछताछ करने पर वह खुदकुशी का कारण नहीं बता सके। स्वजन का कहना था कि बुधवार सुबह से उनके व्यवहार को देखकर परिवार के लोगों को कहीं से एेसा नहीं लगा कि वह तनाव में है। खुदकुशी करने जैसा कदम उठा सकते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया मानिकचंद की बंदूक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के कमरे की तलाशी ली लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। खुदकुशी के कारणों की जांच की जा रही है।