आगरा-दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की एक लेन की मरम्मत शुरू, सर्विस रोड पर फंसेंगे जाम में
सिकंदरा पुलिया का कट बंद होने से आगरा-दिल्ली हाईवे की सर्विस रोड पर लग रहा जाम। साल भर में नौ बार हो चुकी है मरम्मत। एक साल पहले ही पुल की एक लेन का हुआ था लोकार्पण। दूसरी लेन तो अब तक नहीं कर पाए चालू।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड ने सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की एक लेन (सिकंदरा से रुनकता) की मरम्मत शुरू कर दी है। ढाई माह पूर्व बंद हुई थी। जल निकासी का इंतजाम न होने के चलते अब तक नौ बार लेन खराब हो चुकी है। रोड पर आधा-आधा फीट तक के गड्ढे हैं। वहीं सिकंदरा पुलिया का कट बंद होने से सर्विस रोड पर जाम लगा। इससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एनएचएआइ मथुरा खंड ने 23 करोड़ रुपये से सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास का निर्माण किया है। डेढ़ साल पूर्व सिकंदरा से रुनकता लेन को चालू किया गया था। लेन का निर्माण ठीक से नहीं हुआ। ढाई माह पूर्व लेन की दोनों ओर की अप्रोच रोड पर गड्ढे होने पर बंद कर दिया गया। डीएम प्रभु एन सिंह ने एनएचएआइ अफसरों को लेन की मरम्मत के आदेश दिए। बुधवार को एनएचएआइ टीम ने दो जेसीबी लगाकर डामर को उखाडऩा शुरू किया। जल्द ही लेन पर फिर से डामरीकरण होगा। उधर, रुनकता से सिकंदरा लेन अभी तक चालू नहीं हुई है। एनएचएआइ मथुरा खंड के परियोजना निदेशक मनोज बंसल ने बताया कि जल्द ही जल निकासी का समुचित इंतजाम किया जाएगा। फिलहाल लेन की मरम्मत शुरू हो गई है।